रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के बीच प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य और पत्रकारिता से जुड़ी प्रतिभाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित करने के लिए चयनित नामों की सूची जारी की है। इस बार प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर दो नए अलंकरण शुरू किए गए हैं।
राज्य संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पुरस्कारों की जानकारी साझा की। जारी सूची में कला, साहित्य, खेल, पत्रकारिता, समाजसेवा, कृषि, आदिवासी कल्याण, सहकारिता और अन्य क्षेत्रों के लिए चयनित प्रतिभाओं के नाम शामिल हैं।
तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर नए अलंकरण
इस वर्ष शुरू किए गए नए पुरस्कारों में डॉ. तीजन बाई सम्मान पंडवानी कला के क्षेत्र में योगदान के लिए चेतन लाल देवांगन, पोड़ी, जिला दुर्ग को प्रदान किया जाएगा। वहीं संत रविदास सम्मान सामाजिक समानता और साहित्य एवं कला के क्षेत्र में योगदान के लिए जगदीश प्रसाद देशमुख, जिला बालोद को दिया जाएगा।
दोनों नए सम्मान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता से जुड़े योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए हैं।
पत्रकारिता पुरस्कारों में वरुण सखाजी को प्रथम पुरस्कार
राज्य अलंकरण की सूची में पत्रकारिता के क्षेत्र के पुरस्कार भी चर्चा में हैं। पं. चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के तहत प्रिंट मीडिया हिन्दी श्रेणी में प्रभात कुमार साहू, रायपुर का चयन किया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हिन्दी श्रेणी में वरुण सखाजी को प्रथम और रसिका पांडेय, रायपुर को द्वितीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं अंग्रेजी प्रिंट मीडिया श्रेणी में मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर राय चौधरी, रायपुर को प्रदान किया जाएगा।
साहित्य और सांस्कृतिक क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मान
पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान डॉ. बिहारीलाल साहू, रायगढ़ को दिया जाएगा। संस्कृत भाषा के क्षेत्र में राजश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज सम्मान के लिए डॉ. बहुरन सिंह पटेल, रायपुर का चयन हुआ है। लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्गा प्रसाद पारकर, दुर्ग को मिलेगा।
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, चक्रधर सम्मान डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति और दाऊ मंदराजी सम्मान रेखा जलक्षत्री को दिया जाएगा। खुमान साव सम्मान के लिए चंद्रभूषण वर्मा का चयन किया गया है।
खेल, महिला उत्थान और समाजसेवा में भी सम्मान
खेल के क्षेत्र में गुण्डाधुर सम्मान संजू देवी और महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान टोमन कुमार को प्रदान किया जाएगा। महिला उत्थान के लिए मिनीमाता सम्मान लोक आस्था सेवा संस्थान को दिया जाएगा।
गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान के लिए सुखचंद भास्कर का चयन किया गया है। सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्राथमिक कृषक बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित, चिचोली को मिलेगा।
इसके अलावा कृषि, मत्स्य पालन, श्रम, आदिवासी सेवा, ग्रामीण पर्यटन, चिकित्सा शिक्षा, अपराध अनुसंधान और सामाजिक समरसता सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए भी पुरस्कार घोषित किए गए हैं।
राज्य अलंकरण समारोह के माध्यम से प्रदेश की उन प्रतिभाओं और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने कार्यों से छत्तीसगढ़ की पहचान और विकास में योगदान दिया है।