CG राज्योत्सव 2026 : नवा रायपुर में विकसित भारत संकल्प पार्क का शुभारंभ, अमित शाह ने रोपा पीपल का पौधा

16 एकड़ में तैयार पार्क में 2,500 से अधिक पीपल और 500 से ज्यादा स्थानीय प्रजातियों के पौधे; ‘People for Peepal’ अभियान से शहर को मिलेगी नई हरित पहचान

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन अवसर पर नवा रायपुर को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने स्वयं पीपल का पौधा लगाकर हरित भविष्य का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

करीब 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह पार्क विकसित भारत के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश देगा। पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए जा चुके हैं। इस पहल का उद्देश्य नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान दिलाना है।

हरियाली के साथ विकसित भारत का संदेश

विकसित भारत संकल्प पार्क को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को चिरस्थायी बनाने और भावी पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह पार्क आधुनिक शहरी विकास और प्रकृति के बीच संतुलन का उदाहरण बनेगा। यहां लगाए गए पीपल और स्थानीय प्रजातियों के पौधे शहर के हरित क्षेत्र को मजबूत करने में योगदान देंगे।

‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगी जनभागीदारी

नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए ‘People for Peepal’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को पौधों की सुरक्षा, संवर्धन और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी से जोड़ना भी है।

भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। इसी परंपरा को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर इस अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

विकसित भारत संकल्प पार्क आने वाले समय में पर्यावरण जागरूकता, हरित विकास और सामुदायिक सहभागिता का केंद्र बन सकता है। नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की यह पहल शहर की पहचान को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।