नक्सलवाद के अंधेरे से विकास की नई राह पर छत्तीसगढ़, अमित शाह ने दिखाई समृद्ध प्रदेश की तस्वीर, राज्योत्सव के समापन पर बोले केंद्रीय गृह मंत्री – अगले 10 वर्षों में छत्तीसगढ़ की धरती और यहां के लोग दोनों होंगे खुशहाल, महतारी वंदन की 33वीं किस्त में 67.40 लाख महिलाओं को 632.63 करोड़ रुपये

रायपुर। छत्तीसगढ़ की 26 साल की विकास यात्रा अब एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। नक्सलवाद के भय और हिंसा से बाहर निकलकर प्रदेश शांति, विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले दस वर्षों में छत्तीसगढ़ की धरती के साथ यहां के लोग भी समृद्ध और खुशहाल होंगे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे संवारने का काम किया जा रहा है।

नवा रायपुर में आयोजित समारोह में अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर प्रदेश की विभिन्न विभूतियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान प्रदान किए गए। साथ ही महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त के तहत 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि अंतरित की गई।

बस्तर में शांति से खुलेंगे विकास के नए रास्ते

अमित शाह ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर के जंगलों में जहां कभी हिंसा और भय का माहौल था, वहां अब विकास की संभावनाएं आकार ले रही हैं। नक्सलवाद ने स्कूल, सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को प्रभावित किया। अब शांति का वातावरण बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।

उन्होंने चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां दंतेश्वरी और मां बम्लेश्वरी मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और जनजातीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

अटल जी ने बनाया छत्तीसगढ़, मोदी ने विकास को दी नई दिशा

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2000 में अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य की पहचान दी थी। राज्य गठन का उद्देश्य यहां के लोगों को विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों में प्रदेश ने आर्थिक, शैक्षणिक और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उनके अनुसार राज्य गठन के बाद बजट में लगभग 30 गुना, प्रति व्यक्ति आय में 17 गुना और सकल राज्य घरेलू उत्पाद में करीब 25 गुना वृद्धि हुई है।

नवा रायपुर बनेगा पीपल सिटी, पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

अमित शाह ने नवा रायपुर को पीपल सिटी के रूप में विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया। इसके तहत पांच लाख पीपल के पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत संकल्प पार्क में लगभग 2,500 पीपल के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और हरित शहर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

महतारी वंदन की 33वीं किस्त से महिलाओं को आर्थिक सहायता

समारोह में महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी की गई। कुल 67,40,410 महिलाओं के बैंक खातों में 632.63 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई। इनमें ई-केवाईसी पूर्ण करा चुकीं 67,33,502 महिलाएं और नियद नेल्लानार कैंप क्षेत्रों की 6,908 हितग्राही शामिल हैं। योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

राज्य अलंकरण से सम्मानित हुईं प्रदेश की प्रतिभाएं

राज्योत्सव के समापन समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, चिकित्सा, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और जनजातीय उत्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान प्रदान किए गए। अमित शाह ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी की भागीदारी जरूरी : सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलवाद के अवरोध दूर होने से बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और बलिदान को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करने के लिए कार्य कर रही है। इसके लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों से जुड़े फैसलों और श्री रामलला दर्शन योजना सहित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

बारिश के बावजूद राज्योत्सव समारोह में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। अमित शाह ने लोगों के उत्साह और सहभागिता की सराहना करते हुए प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।