
हरदीबाजार । हरदीबाजार नगर की मुख्य सड़कों पर देर शाम से लेकर रात्रि के समय सरिया लोड ट्रैक्टरों का बेखौफ दौड़ना आम हो गया है। रात के अंधेरे में भारी मात्रा में रॉड और सरिया लोड कर ट्रैक्टरों को अनियंत्रित गति से चलाया जा रहा है, जिससे राहगीरों सहित अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैक्टरों की इस लापरवाही से क्षेत्र में बड़ी सड़क दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, एसईसीएल दीपका क्षेत्र में मकानों को तोड़े जाने के बाद वहां से निकलने वाले सरिया को ट्रैक्टरों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। देर शाम और रात्रि के समय हरदीबाजार बस स्टैंड सहित रेकी रोड एवं नगर की मुख्य सड़कों पर सरिया से लदे ट्रैक्टर धड़ल्ले से दौड़ते नजर आते हैं। इन ट्रैक्टरों में लोड सरिया की सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन के दौरान बरती जा रही सावधानियों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अचानक ब्रेक लगा तो हो सकता है बड़ा हादसा
सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों के लिए सबसे बड़ा खतरा तब उत्पन्न होता है, जब सरिया से लदा ट्रैक्टर अचानक ब्रेक लगा देता है। ऐसी स्थिति में पीछे चल रहे बाइक सवार या अन्य वाहन चालक गंभीर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। रात के अंधेरे में सरिया लोड ट्रैक्टरों की आवाजाही दुर्घटना के खतरे को और बढ़ा देती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार का लापरवाहीपूर्ण परिवहन किसी बड़ी अनहोनी को आमंत्रण दे रहा है।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
हरदीबाजार थाना क्षेत्र में मुख्य मार्गों पर इस तरह भारी सरिया लोड ट्रैक्टरों का रात्रिकालीन परिवहन जारी रहने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सरिया लोड ट्रैक्टरों की जांच की जाए तथा परिवहन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
दिन के समय परिवहन करने की उठी मांग
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सरिया का परिवहन रात्रि के बजाय दिन के समय किया जाना चाहिए, ताकि सड़क पर चलने वाले लोगों को पर्याप्त दृश्यता मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। साथ ही ट्रैक्टरों में सरिया को सुरक्षित तरीके से लोड करने, उचित संकेतक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है।
अब देखना यह होगा कि हरदीबाजार पुलिस प्रशासन इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेकर कब कार्रवाई करता है, या फिर किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी।
विनोद उपाध्याय
संवाददाता, हरदी बाजार