
कटघोरा (कोरबा)। गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन (GSU), जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) के बैनर तले हाईस्कूल मैदान स्थित गोंडवाना भवन के समीप धरती आबा भगवान वीर बिरसा मुंडा जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाज से की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके पश्चात महा सांस्कृतिक कार्यक्रम और उद्बोधन सत्र संपन्न हुआ।
इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पाली-तानाखार विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम उपस्थित रहे। उनके साथ विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, युवा और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

सरकारी आयोजन के नाम और ट्राइबल फंड के उपयोग पर विधायक ने उठाए सवाल
कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी, जिनकी बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जशपुर और धरमजयगढ़ में मनाए जा रहे ‘जनजाति गौरव दिवस’ पर उन्होंने तीखी आपत्ति जताई:
- नामकरण पर सवाल: विधायक मरकाम ने कहा कि साधारण बोलचाल में ‘आदिवासी’ शब्द प्रचलित है, फिर सरकार को ‘आदिवासी गौरव दिवस’ कहने में क्या तकलीफ हो रही है?
- भाजपा का कार्यक्रम बनाने का आरोप: उन्होंने आरोप लगाया कि जशपुर और धरमजयगढ़ में सरकारी खर्च और ट्राइबल फंड (आदिवासियों के मद) से पूरी तरह भारतीय जनता पार्टी का पार्टी कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के कार्यक्रम में किसी एक दल के बजाय सर्व समाज और सभी आदिवासी नायकों को आमंत्रित किया जाना चाहिए था।
धान खरीदी में एग्रीटेक और सिस्टम की गड़बड़ियों से किसान परेशान
धान खरीदी व्यवस्था पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए विधायक मरकाम ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े वादे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर सिस्टम की खामियों ने किसानों की कमर तोड़ दी है:
- पूरे गांव का एग्रीटेक अधूरा: उन्होंने बताया कि एग्रीटेक (Agritech) नहीं होने से कई किसानों का रकबा कट गया है।पाली क्षेत्र के रंगोले ग्राम पंचायत का एग्रीटेक नहीं होने के कारण पूरे गांव के किसान धान बेचने से वंचित होने की कगार पर हैं।
- खेत में बोया धान, कंप्यूटर में दिख रही धनिया: सिस्टम की लापरवाही उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के एक किसान ने अपने बहरा खेत में धान बोया है, लेकिन सरकारी कंप्यूटर रिकॉर्ड में धान की जगह ‘धनिया’ दर्ज दिखा रहा है। त्रुटि सुधार के लिए किसान तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
- मंडी की नई प्रक्रिया से बढ़ेगा इंतजार: धान को मंडी में पहले इकट्ठा करने, फिर बोरे खोलने और दोबारा तौलने की नई प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे किसानों का समय बर्बाद होगा और उन्हें मंडी में दो-दो दिन तक खड़ा रहना पड़ेगा।