कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ )। नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा संपत्ति कर एवं समेकित कर की शत-प्रतिशत वसूली को लेकर अभियान तेज कर दिया गया है। बड़े बकाएदारों से वसूली सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीएमओ अमले के साथ मैदान में उतरे। नगर पालिका की इस सख्त कार्रवाई के दौरान मौके पर ही लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये के बकाया कर की वसूली की गई।
घर-घर और दुकानों में दी समझाइश
अभियान के दौरान सीएमओ ने राजस्व टीम के साथ नगर के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रिहायशी इलाकों का सघन भ्रमण किया। बड़े बकाएदारों के दुकानों और घरों में पहुंचकर अधिकारियों ने उन्हें लंबे समय से लंबित संपत्ति कर व अन्य स्थानीय कर जल्द से जल्द पालिका कोष में जमा कराने की समझाइश दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि समय पर कर जमा न करने की स्थिति में नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राजस्व अमला रहा मुस्तैद
इस वसूली में मुद्रिका प्रसाद तिवारी राजस्व अधिकारी फराज खान सहित नगर पालिका का समस्त राजस्व अमला शामिल रहा। टीम ने वार्डवार भ्रमण कर कई बकाएदारों से तत्काल राशि जमा कराई, जिससे कुल ₹1,70,000 की राजस्व वसूली दर्ज की गई।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर विकास के कार्यों को गति देने के लिए करों का समय पर भुगतान अनिवार्य है। आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक कड़ाई के साथ निरंतर जारी रहेगा।
