रायपुर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर BJP ने निकाली तिरंगा रैली .

रायपुर(सेंट्रल छत्तीसगढ़): मंगलवार को राजधानी में कांग्रेस सेवा दल ने भी तिरंगा रैली निकाली थी. 15 अगस्त 2021 को स्वतंत्रता दिवस की 75 वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी. इसे यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए आज तिरंगा रैली का आयोजन साइंस कॉलेज मैदान से भारत माता चौक तक किया गया. जहां पर भारत माता की प्रतिमा के पास भारत माता की जयकारें के नारे लगाए गए. भाजपा ने तिरंगा रैली निकालकर लोगों से यह आह्वान किया है कि 15 अगस्त को सुबह 11:00 बजे सभी लोग अपने घरों पर दुकानों में दफ्तरों में भारत माता के नारे लगाते हुए शहीदों को याद करते हुए राष्ट्रगान का पाठ करें.

भाजपा नेता सच्चिदानंद के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बड़े जोर शोर से तिरंगा रैली निकाली. यह रैली साइंस कॉलेज मैदान से होकर शहर के दूसरे चौक चौराहों से होते हुए भारत माता चौक पर समाप्त हुई. भाजपा नेता का कहना है कि प्रधानमंत्री के द्वारा यह अपील की गई है कि 15 अगस्त के दिन सुबह 11:00 बजे सभी लोग भारत माता की जयकारे लगाकर शहीद जवानों को याद करते हुए राष्ट्रगान कर इस स्वतंत्रता दिवस को ऐतिहासिक बनाएं.

भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली गई यह तिरंगा रैली राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान से लाखे नगर चौक, पुरानी बस्ती टिकरापारा , पचपेड़ी नाका, तेलीबांधा थाना, राम मंदिर होते हुए मरीन ड्राइव से भारत माता चौक पर पहुंची. जहां पर भारत माता की प्रतिमा के पास भारत माता के जयकारे लगाकर अंग्रेजों के गुलाम से भारत देश को आजादी दिलाने वाले शहीद जवानों को याद किया गया .