खबर का असर: वृंदावन सरोवर में हुई साफ-सफ़ाई. नगर पंचायत ने ली सुध, लेकिन झूले तो जस के तस,

धमतरी (सेंट्रल छत्तीसगढ़)नेमी सिन्हा:-कुरुद नगर के हृदय स्थल में स्थित वृंदावन सरोवर की स्थिति अब सुधरने लगी है। मीडिया की ओर से सरोवर की बदहाली को नगर पंचायत के संज्ञान में लाने के बाद गार्डन की झाड़ियों, घास-फूस को काटकर सफाई की है। वहीं शाम को आसामाजिक तत्त्वों का लगने वाले डेरे पर भी अंकुश लगाया जा रहा है।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व आइमा मीडिया ने वृंदावन सरोवर की बदहाली को प्रमुखता से उठाया था, जिसमें सरोवर के चारों ओर गंदगी, पार में बने फुटपाथ खराब होने और उद्यान के आसपास डिस्पोजल, पानी पाउच, पॉलीथिन फैले होने का मुद्दा नगर पंचायत के ध्यान में लाया था। वहीं यह भी बताया कि बैठने के लिए बनाएं कांक्रीट की कुर्सियां भी घास-फूस से पट चुकी थी। मोहल्लेवासियों ने भी मीडिया के माध्यम से स्थानीय प्रशासन से सरोवर के मध्य स्थित गार्डन की साफ-सफाई कराने मांग किया था। मीडिया और मोहल्लेवालों की संयुक्त मुहिम रंग लाई और अब नगर पंचायत ने गार्डन की सफाई करवा कर सरोवर के पार की गंदगी को हटाया है।

गार्डन के झूलों की स्थिति अब भी पहले जैसी
बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न तरह के झूले लगाएं गए हैं जो नगर प्रशासन के रखरखाव और देखभाल के अभाव में जंग लगकर कुछ झूले टूट चुके हैं। इन्हें अभी तक नहीं सुधारा गया हैं। वहीं बाल उद्यान सरोवर के मध्य होने से बच्चों के सुरक्षा का खतरा बना हुआ है, जिस कारण रेलिंग लगाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

वृंदावन सरोवर में है पर्यटन की अपार संभावनाएं
वृंदावन सरोवर नगर के मध्य में होने के कारण पर्यटन की अपार संभावनाएं समेटे हुए हैं। इसकी शीतल हवा और पानी नगरवासियों को आकर्षित करती है। कुछ लोगों का कहना है कि इसके चारों ओर हरियाली बिखेरकर इसमें बोटिंग की सुविधाएं भी दी जा सकती है।