

कोरबा/पाली तानाखार 19 अक्टूबर 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा का विकल्प देने के दावे के साथ अब आम आदमी पार्टी भी चुनावी मैदान में है। छत्तीसगढ़ में बदलाव लाने के वादे के साथ आम आदमी पार्टी ने पाली तानाखार विधानसभा से बदलाव रैली निकाली गई। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए पार्टी ने एड़ी चोटी का जोर लगाना शुरू कर दिया है।
आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी गतिविधियों को तेज कर दिया है। छत्तीसगढ़ के सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी आप सभा और रैलियां करते दिख रही है। इसी कड़ी में बुधवार को पाली तानाखार विधानसभा में आम आदमी पार्टी से सशक्त दावेदारी कर रहे ठंडा राम उइके के नेतृत्व में सुतर्रा मुख्य चौक से लखनपुर होते हुए बांकी मोंगरा चौक तक आम आदमी पार्टी ने विशाल बदलाव रैली का आयोजन किया। देशभक्ति गीतों के बीच कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ में बदलाव के लिए नारेबाजी करते रहे। ठंडा राम उईके आम आदमी पार्टी पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 23 से विधायक प्रत्याशी की दौड़ में शामिल है।
ठण्डाराम उइके ने पाली तानाखार विधानसभा के लोगों से मांगा एक मौका.
बदलाव रैली में आम आदमी पार्टी के विधायक के दावेदार ठंडा राम उइके ने कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाते और लोगों से एक मौका देने की अपील करते नजर आए। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। चुनावी माहौल बनाने और कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने के लिए आम आदमी पार्टी के नेता ओर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पिछले दिनों बिलासपुर में रैली की थी। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी चुनावी महौल बनाने में ताकत झोंकी थी। छत्तीसगढ़ शासन के कुशासन को बदल कर यहां दिल्ली वाली शासन व्यवस्था देने का प्रयास आम आदमी पार्टी की ओर से किया जा रहा है। इसमें भय, भूख और भ्रष्टाचार को दूर कर के हर वर्ग के लोगों के लिए फ्री बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य का बेहतरीन शासन दिया जाएगा।
