

कोरबा/पाली 13 दिसंबर 2022 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : पाली थान्तर्गत ग्राम नुनेरा में शिवतराई तालाब के पास खेत में एक युवक का शव मिला है। बिजली खंभा इसके नजदीक होने से कयास लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे तार चोरी करने का भी कारण हो सकता है। मृतक की पहचान नहीं हुई है। शव के शरीर का आधा हिस्सा जला हुआ है फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है। बताया गया कि पाली थाना के नुनेरा गांव में वहां के दो लोग सुबह खेत की तरफ पहुंचे तब उनकी नजर खंभा के नजदीक एक युवक के शव पर पड़ी। उसकी आयु 30 से 35 वर्ष के आसपास मानी जा रही है। मृतक युवक की पहचान पर लोगों को इस बारे में कुछ पता नहीं चला। अन्य लोगों को भी इससे अवगत कराया गया और पाली पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
पाली पुलिस टीम ने यहां का जायजा लेने के साथ पंचनामा किया। मृतक के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने बताया कि इस बारे में संबंधितों को खबर दी गई है। शव के पोस्टमार्टम के साथ घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी हो सकेगी।
