कोरबा : तालाब में डूबे दोनों बच्चों के शव को रेस्क्यू कर निकाला गया बाहर.. एक का शव कल तो दूसरे बच्चे के शव को आज SDRF की टीम ने निकाला बाहर.. परिवार में फैला मातम.

कोरबा/कटघोरा 23 नवम्बर 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : कल यानी बुधवार को कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर निवासी दो बच्चे, दोनों की उम्र 13 वर्ष जिसमें अनुराग बहेरा व मनीष प्रसाद बायपास मार्ग पर चकचकवा पहाड़ के पीछे बने तालाब में घर पर बिना बताए दोपहर लगभग 2 बजे नहाने गए हुए थे। दोनों बच्चे नहाने के दौरान अपने कपड़े को उतार कर तालाब किनारे रख नहाने के लिए तालाब में उतरे थे। लेकिन दोनों बच्चे अनहोनी से अनजान नहाते नहाते तालाब में आगे की ओर बढ़ते चले गए। लेकिन इस बात से अंजान की तालाब के बीच की गहराई लगभग 25 से 30 फिट है। दोनों बच्चे जैसे ही तालाब के बीचोबीच पहुंचे गहराई आने से दोनों बच्चे घबराकर छटपटाने लगे और वे दोनों डूबने जा रहे थे उसी समय वहां से गुजर रही एक छोटी बच्ची ने दोनों बच्चो को डूबते देख चिल्लाने लगी। इस बात की जानकारी आसपास के लोगो को लगते ही लोग तालाब की ओर भागे और तत्काल इस घटना की जानकारी कटघोरा थाना व डायल 112 को दी।

लोगों के तालाब के पास पहुंचते पहुँचते दोनों बच्चे तालाब की गहराई में समा गए थे। सूचना पर कटघोरा पुलिस की टीम व डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से कई घण्टे खोजबीन शुरू की गई लेकिन कोई सफलता नही मिली। इनके पश्चात ज़िले से आये गोताखोरों ने तलाश जारी की, कई घण्टे रेस्क्यू के बाद एक बच्चा मनीष प्रसाद को तालाब की गहराई से ढूंढ निकालने में सफलता मिली। मनीष प्रसाद को जब तालाब से खोजबीन कर बाहर निकाला गया तब तक मनीष प्रसाद की मौत हो चुकी थी। दूसरे बच्चे अनुराग बहेरा को गोताखोरों ने लगभग 7:30 बजे तक रेस्क्यू किया लेकिन अंधेरा व तालाब गहरा होने से उन्हें सफलता नही मिली।

कटघोरा थाना प्रभारी तेजकुमार यादव ने बिलासपुर से SDRF की टीम को बुलाया, आज सुबह दूसरे दिन SDRF की टीम घटना स्थल पर सुबह 8:30 बजे पहुंची। SDRF की टीम ने रेस्क्यू शुरू किया जहां कुछ ही घण्टे में मृतक दूसरे बच्चे अनुराग बहेरा के शव को गहरे तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों मृतक बच्चों को कानूनी प्रक्रिया पश्चात परिजनों को सौप दिया। इस घटना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मृतक बच्चो के परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा।

छठ पूजा में नाना नानी के घर आया था मनीष.

बतादें की मृतक मनीष प्रसाद भोपाल में निवासरत है। उनके पिता वहां सर्विस करते हैं। मृतक मनीष अपनी मम्मी के साथ रामपुर में अपने नाना नानी के यहां छठ पर्व मनाने आया हुआ था। और अपनी मौसी के बेटे अनुराग बहेरा के साथ तालाब नहाने गया हुआ था। मृतक मनीष का 24 तारीख को वापसी का टिकट था लेकिन उसके पहले ही मनीष प्रसाद एक अनहोनी का शिकार हो गया। इस घटना से मनीष व उसके परिवार में मातम छा गया है।

राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता है अनुराग बहेरा

घटना में मृतक अनुराग बहेरा काफी होनहार बच्चा होने के साथ साथ खेल कूद में भी सक्रिय रहा। मृतक अनुराग बहेरा अभ्युदय स्कूल कटघोरा में 8 वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। अभी 15 दिनों पूर्व ही दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया था जिसमे उसने रजत पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया था। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। अनुराग बहेरा का शव घटना के दूसरे दिन तालाब से मिलने पर नगर के साथ साथ पूरे खेल प्रेमियों में इस नन्हे बच्चे के साथ हुई घटना से स्तब्ध हैं।