कोरबा : कटघोरा पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल.. 3 दिनों से मर्च्युरी में सड़ रहा था वृद्धा का शव.. पुलिस ने कंधा देकर विधिविधान से किया अंतिम संस्कार.

कोरबा/कटघोरा 14 अक्टूबर 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : पुलिस को वृद्ध महिला का शव कटघोरा से जेन्जरा बायपास में महेशपुर के पास 3 दिनों पूर्व मिला था। इसके बाद से वृद्ध महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने काफी छानबीन की कोशिश कर महिला के रिश्तेदारों को खोजने की कोशिश की पर कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने महिला का अंतिम संस्कार खुद ही कराया।

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खाकी वर्दी की एक अलग छाप देखने को मिली। पुलिस की वर्दी और कड़क मिजाज के पीछे एक नरम दिल इंसान भी छिपा होता है। समाज में हालातों के अनुसार खुद को ढालने वाली पुलिस वक्त पड़ने पर अनजान लोगों के लिए रिश्ते निभाने से भी नहीं चूकती है। ऐसे ही कोरबा पुलिस के एक प्रधान आरक्षक ने बेटे की तरह बनकर अनजान अज्ञात वृद्धा के लिए मानवता की एक मिसाल पेश की है।

करीब 65 वर्षीय वृद्धा का शव 10 अक्टूबर को वार्ड 7 के पार्षद जयनारायण कंवर द्वारा कटघोरा पुलिस को सूचना दी गई के कटघोरा से जेन्जरा बायपास मार्ग पर महेशपुर के पास एक अज्ञात वृद्ध महिला का शव सड़क किनारे पड़ा हुआ है। जिस पर कटघोरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप पांडेय ने अपने वरिष्ट अधिकारियों को सूचित करते हुए उक्त मृत वृद्ध महिला के शव को एम्बुलेंस में लेकर कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मरच्यूरी में रखवाया तथा उसकी पहचान कराने की काफी कोशिश की गई, फिर भी शिनाख्त नहीं हो सकी और न ही किसी लापता वृद्धा की तलाश करते हुए कोई परिजन थाना या पुलिस चौकी पहुंचा।

4 दिन तक रखा रहा शव

अंतिम समय में उसे न तो परिजनों का सहारा मिला और न ही कंधा मिला. 4 दिन से इस अज्ञात वृद्धा का शव कटघोरा अस्पताल की मर्च्युरी में पहचान होने और परिजनों के इंतजार में पड़ा रहा। आखिरकार जब शव खराब होने की स्थिति में पहुंचने लगा तो अस्पताल प्रबंधन पुलिस के उच्च अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी गई।

बेटे की तरह निभाया फर्ज

इसके बाद कटघोरा एसडीओपी पंकज ठाकुर व थाना प्रभारी तेज़ कुमार यादव के निर्देश में कटघोरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप पांडेय ने मानवता के नाते अज्ञात वृद्धा के लिए एक बेटे की तरह फर्ज निभाया। उन्होंने शव को किसी वाहन में लादकर आसपास ले जाकर दफन कर देने अस्पताल के मरच्यूरी से शव वाहन से उस पर पुष्पांजलि अर्पित कर राधासागर तक अंतिम यात्रा श्मशान घाट तक निकाली. इस तरह उन्होंने सद्गति की प्रार्थना करते हुए वृद्धा को अंतिम विदाई दी.

स्थानीय लोगों ने की पुलिस प्रशासन की प्रशंसा

कटघोरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक संदीप पांडेय के साथ स्थानीय लोग भी इस अंतिम यात्रा में शामिल हुए। कटघोरा के राधासागर के निकट स्थानीय मुक्तिधाम में विधि-विधान के साथ वृद्धा का अंतिम संस्कार किया गया। कटघोरा पुलिस के इस मानवीय कार्य की जहां स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की है। वहीं, प्रधान आरक्षक संदीप पांडेय ने कहा कि उन्हें इस तरह के सामाजिक कार्यों की प्रेरणा अपने उच्च अधिकारियों से मिलती रहती है।