कलेक्टर ने शहर के निर्माण कार्यों, अप्पू गार्डन और गेरवाघाट सड़क के काम का किया औचक निरीक्षण गेरवाघाट-राताखार सड़क पर बोल्डर पिचिंग का काम हुआ पूरा

कोरबा(सेंट्रल छत्तीसगढ़):- कलेक्टर रानू साहू ने आज नगर निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अप्पू गार्डन, वर्किंग वूमन हॉस्टल और गेरवाघाट-राताखार सड़क निर्माण का जायजा लिया। सियान सदन में पहुंचकर वहां मौजूद बुजुर्गों से बात की और उनकी समस्याओं, सुझावों को भी सुना। कलेक्टर ने अप्पू गार्डन में चल रहे निर्माण कार्य, टॉय ट्रेन, वेव पूल, फुड कोर्ट, गार्डन आदि का अवलोकन किया। उन्होंने निगम क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं के लिए बन रहे हॉस्टल का भी निरीक्षण किया। गेरवाघाट-राताखार सड़क निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्रीमती साहू ने निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के लिए हसदेव नदी पर बनाए गए गेरवाघाट इंटकवेल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम कोरबा आयुक्त श्री कुलदीप शर्मा सहित निगम के अधिकारीगण मौजूद रहे।

सियान सदन पहुंची कलेक्टर, बुजुर्गों के लिए व्यवस्थाएं बेहतर करने दिए निर्देश –

कलेक्टर रानू साहू ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र भ्रमण के दौरान शहर के घण्टाघर चौक स्थित सियान सदन में पहुंच कर बुजुर्गों से मुलाकात की। सियान सदन में मौजूद वृद्धजनों ने कलेक्टर को अपनी समस्याओं और सुझावों से अवगत कराया। कलेक्टर श्रीमती साहू ने सियान सदन में बुजुर्गों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश मौके पर मौजूद निगम के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने सियान सदन में पीने का पानी, बाथरूम व्यवस्था एवं साफ-सफाई जैसे जरूरी चीजों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साफ पीने के पानी उपलब्ध कराने के लिए टंकी, पाईप आदि की साफ-सफाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सियान सदन में वृद्धजनों के पढ़ने के लिए धार्मिक पुस्तकों की व्यवस्था करने के भी निर्देश निगम के अधिकारियों को दिए। बुजुर्गों ने कलेक्टर को बताया कि प्रतिदिन करीब 50 वृद्धजन सियान सदन में आते हैं। प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को रामायण पाठ का आयोजन किया जाता है।

वर्किंग वुमेन हॉस्टल के अंतिम चरण का काम समय सीमा में करे पूर्ण: कलेक्टर श्रीमती साहू –

कलेक्टर रानू साहू ने शहर के निहारिका क्षेत्र में फलोद्यान के पीछे बनाए गए वर्किंग वुमेन हॉस्टल का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कामकाजी महिलाओं के रहने के लिए बनाए गए हॉस्टल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस हॉस्टल से बाहर से कामकाज के सिलसिले में कोरबा में आने वाली महिलाओं को रहने की बेहतर सुविधा मिलेगी। कलेक्टर श्रीमती साहू ने हॉस्टल के कमरों में जाकर रहने के लिए बनाई जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने हॉस्टल कैम्पस में बनाए जा रहे प्ले ग्राउंड, गार्डन का भी अवलोकन किया और शेष बचे हुए अंतिम चरण के काम को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश निगम के अधिकारियों को दिए। चार मंजिला वर्किंग वुमन हॉस्टल भवन में 95 आवासीय कमरे सहित प्रत्येक मंजिल में किचन एवं डाईनिंग हॉल का निर्माण कराया गया है।