

कटघोरा 2 नवम्बर 2022 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : कटघोरा को जिला का दर्जा दिलाने पदयात्रा पर निकले युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकास सिंह व उनके साथियों का दल बेलतरा पहुंचा। बेलतरा में कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर पदयात्रा दल से उनका हाल जानने पहुंचे। श्री कंवर ने समस्त पदयात्रियों का हाल जाना और उन्होंने समस्त पदयात्रियों को उनका मनोबल बढाते हुए उनको शुभकामनाएं दी। विधायक श्री कंवर ने विकास सिंह व उनके साथियों को इस पदयात्रा के दौरान हरसंभव मदद दिलाने का पूरा भरोसा दिलाया।
कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने बताया कि कटघोरा तहसील सबसे पुरानी अंग्रेजों के जमाने की तहसील है। उसके बाद बनी तहसीलों को जिले का दर्जा प्राप्त हो गया है। छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से हमें पूरा भरोसा है कि कटघोरा को जिले का दर्जा अवश्य देंगे। युवा काँग्रेस के युवा नेताओं ने पदयात्रा कर प्रदेश के मुखिया के पास जाकर आमजनों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कराने का जो बीड़ा उठाया है उसे मुख्यमंत्री जी अवश्य संज्ञान लेंगे और जल्द ही इसका परिणाम लोगों के सामने होगा। यह पदयात्रा किसी राजनीतिक दल को बढ़ावा देने या स्वयं की स्वार्थ सिद्धि के लिए नहीं किया जा रहा है बल्कि कटघोरा वासियों की महत्वपूर्ण मांग को लेकर यह पदयात्रा की जा रही है। इस पदयात्रा को सभी लोगों को आगे बढ़कर हौसला बढाना चाहिए।

आज तीसरे दिन कटघोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर निकली पदयात्रा में बेलतरा से आगे की पदयात्रा में कोरबा जिला युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ग्रामीण विकास सिंह, विधानसभा पाली तानाखार उपाध्यक्ष उद्भव चन्द्रा, मनीष सिंह, युवा कांग्रेस के दबंग नेता इसाक खान, विधानसभा कटघोरा उपाध्यक्ष राहुल शर्मा, जिला महासचिव शाहे आलम, प्रदेश सचिव नवीन कुकरेजा, शहर कांग्रेस कमिटी उपाध्यक्ष अरमान सिद्दीकी एवं साथी रायपुर तक पद यात्रा करेंगे।
