आरएसएस वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदेव राम जी का निधन…. प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने जताया शोक….

कोरबा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़) हिमांशु डिक्सेना :- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुषांगिक संगठन अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदेव राम उरांव का बुधवार को निधन हो गया। छत्तीसगढ़ के जशपुर के जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही संघ से जुड़े संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने भी दुःख जताया है, और बतलाया कि संघ परिवार एवं जशपुर के लिए अपूर्णीय क्षति है।

दोपहर उन्हें चक्कर आने के बाद जशपुर जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां अपराह्न् तीन बजे उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार जशपुर में गुरुवार को होगा। आठ करोड़ वनवासियों के कल्याण के लिए काम करने वाले संघ के इस संगठन से जगदेव राम का जुड़ाव 1989 से बताया जाता है। वनवासियों के कल्याण के लिए काम करने वाले व्यक्ति के तौर पर उनकी देश में पहचान रही।

आदिवासी मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदेव राम उरांव जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। वनवासी समाज के सम्पूर्ण विकास एवं स्वाभिमान जागरण की दिशा में उनका योगदान अभूतपूर्व था। भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम देश में वनों में रहने वाले वनवासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में काम करता है। पूरे देश में संगठन की शाखाएं हैं। सुदूर जनजातीय गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में यह संगठन काम करता है।

हिमांशु डिक्सेना की रिपोर्ट…..