कोरबा ब्रेक : सखोदा परिसर में हाथियों का नजारा, शावकों संग जंगल की सैर


विशेष संवाददाता : अंकित सिंह

कोरबा। कटघोरा वनमंडल के सखोदा परिसर में सोमवार को वह नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल मोह लिया। यहां हाथियों का विशाल झुंड खुले जंगल में विचरण करता नज़र आया। खास बात यह रही कि झुंड में शामिल हाथिनों के साथ छोटे-छोटे शावक भी थे, जो मां की गोद में आराम फरमाते और खेलते दिखाई दिए।

इस अद्भुत पल को केंदई परिक्षेत्र के वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक कुमार दुबे ने अपने कैमरे में कैद किया। तस्वीरें साफ दर्शाती हैं कि जंगल ही इन दिग्गज जीवों का सुरक्षित आश्रयस्थल है, जहां वे परिवार के साथ सहजता से रहते हैं।

वन विभाग के मुताबिक, वर्तमान में कटघोरा वनमंडल में करीब 52 हाथियों का विचरण दर्ज किया गया है। इनमें से अधिकांश झुंड केंदई और पसान परिक्षेत्र में सक्रिय हैं। विभाग लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है ताकि मानव-हाथी संघर्ष की संभावनाओं को न्यूनतम किया जा सके।

ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के करीब न जाएं और किसी भी तरह की सूचना तत्काल वन विभाग को उपलब्ध कराएं। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों का झुंड जब भी गांवों की ओर आता है, तो लोग अक्सर उत्सुकतावश नजदीक चले जाते हैं, जो खतरनाक हो सकता है।

जानकार बताते हैं कि हाथी अपने परिवार और समूह के साथ गहरे जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं। झुंड का यह दृश्य न केवल हाथियों के सामाजिक जीवन और पारिवारिक बंधन की झलक देता है, बल्कि यह भी याद दिलाता है कि जंगल का असली हकदार वही है जो प्रकृति संग संतुलन में जीना जानता है।