Katghora Nagara Palika: कटघोरा नपा के नए अध्यक्ष राज जायसवाल लेंगे शपथ.. कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत करेंगी समारोह में शिरकत..

कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : नगर पालिका में नव निर्वाचित नगर अध्यक्ष राज जायसवाल मंगलवार को शपथ ग्रहण करेंगे। उनके साथ सभी पंद्रह वार्डों के पार्षद भी शपथ लेंगे। यह कार्यक्रम नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न गणमान्य नेता शामिल होंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। साथ ही, कटघोरा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके अलावा, पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम और रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूल सिंह राठिया भी इस समारोह में शामिल होंगे।

राज जायसवाल की ऐतिहासिक जीत

हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव में राज जायसवाल ने नगर अध्यक्ष पद पर बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आत्मानारायण पटेल को करारी शिकस्त दी। इस चुनाव में नगर क्षेत्र में भाजपा को पूरी तरह हार का सामना करना पड़ा, जबकि कांग्रेस समर्थित अधिकांश पार्षदों ने जीत हासिल की थी। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है, और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बताया है।