Pali Nagar Panchayat Election: पाली नगर पंचायत में लहराया बीजेपी का विजय पताका.. नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा, यह मेरे मतदाताओं की जीत

कोरबा/पाली ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के अधिकांश निकायों में भाजपा ने जीत दर्ज कर अपनी मजबूती साबित की है। सभी 10 नगर निगमों में भाजपा ने विजय पताका फहराई है, जबकि रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ जैसे प्रमुख शहरों में भी पार्टी ने अपना दबदबा कायम रखा।

नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों में भाजपा का वर्चस्व

राज्य की 49 नगरपालिकाओं में से 36 पर भाजपा को जीत मिली है, जबकि कांग्रेस को मात्र 8 स्थानों पर सफलता मिली। वहीं, 5 नगरपालिकाओं में तीसरे मोर्चे के प्रत्याशी विजयी हुए हैं। नगर पंचायतों में भी भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। 114 नगर पंचायतों में से 84 पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने 20 सीटों पर कब्जा जमाया। शेष सीटों पर निर्दलीय एवं अन्य दलों ने जीत हासिल की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस जीत पर खुशी जाहिर की और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राज्य सरकार के विकास कार्यों में जनता के विश्वास का परिणाम है।

पाली नगर पंचायत में भी भाजपा का परचम : संजय भवनानी

कोरबा जिले की पाली नगर पंचायत में भी भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी अजय जायसवाल ने भारी मतों से जीत हासिल की, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजय भवनानी ने मीडिया से बातचीत में मतदाताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की विकास योजनाओं पर जनता ने भरोसा जताया है।

पाली नगर पंचायत में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब विकास कार्यों में और तेजी आएगी। नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष अजय जायसवाल ने भी मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत पाली की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम किया, जिसका नतीजा यह शानदार जीत है। जायसवाल ने साहू, पटेल, कुम्हार सहित सभी समाजों के समर्थन के लिए आभार प्रकट किया और आठों विजयी भाजपा पार्षदों को भी बधाई दी।

भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत ने यह साबित कर दिया है कि राज्य की जनता पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों पर पूर्ण विश्वास रखती है। आने वाले दिनों में यह जीत राज्य में और भी मजबूती के साथ पार्टी की स्थिति को सुदृढ़ करेगी।