
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद पाली ब्लॉक में सर्वसम्मति से सरपंच संघ का गठन कर लिया गया है। इस संघ के अध्यक्ष पद के लिए मांगामार के सरपंच छत्रपाल सिंह राज को चुना गया है, जबकि पुटा के सरपंच दिला राम नेताम को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संघ में विभिन्न पदों पर अन्य सरपंचों को भी शामिल किया गया है, जिससे पंचायत स्तर पर सामूहिक रूप से विकास कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा सके
संघ में बतरा की सरपंच रामायण देवी को उपाध्यक्ष बनाया गया है, वहीं कोरबी के सरपंच विजय सिंह को सह सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। सराई पाली के सरपंच संतोष सिंह मेश्राम को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी के साथ तीवरता के सरपंच रजनीश मरावी को मीडिया प्रभारी बनाया गया है, जो संघ से संबंधित सभी सूचनाओं और गतिविधियों का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगे।

संघ की कार्यकारिणी में भी कई सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें ज्योति प्रकाश कुसरो, रस कुंवर, प्रतिमा कंवर, जीवन बाई, सीताराम, प्रमिला कंवर, विनोद कुमार, राजलाल सिंदराम, रामकुमार, सुशीलकुमार जगत, शशिलता मरावी, सविता पैकरा, कमल देवी, चंद्रिका पैकरा और सुशीला जगत का नाम शामिल है। ये सभी सदस्य पंचायतों के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

संघ के संरक्षक के रूप में पहाड़ गांव के सरपंच धरम सिंह खुसरो को चुना गया है। सरपंच संघ के गठन से पाली ब्लॉक में पंचायत स्तर पर विकास को गति मिलने की उम्मीद है। संघ के सदस्यों ने कहा कि वे मिलकर गांवों के उत्थान और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से कार्य करेंगे।