
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : अप्रैल-मई की झुलसाने वाली गर्मी के बीच कोरबा जिले के चोटिया क्षेत्र में मौसम का एक अलग ही रूप देखने को मिला। यहाँ अचानक हुए मौसम परिवर्तन के बाद जमकर बारिश हुई और बड़े-बड़े ओले गिरे। ओलावृष्टि इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते नेशनल हाईवे और गांवों की सड़कों पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई, जिसे देखकर ऐसा लग रहा था मानो कश्मीर की वादियों में बर्फबारी हुई हो।

गर्मी से मिली राहत, पर फसलों की बढ़ी चिंता
पिछले कुछ दिनों से पड़ रही चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान लोगों को इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से बड़ी राहत मिली है। तापमान में गिरावट आने से वातावरण ठंडा हो गया है। हालांकि, इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि खुले आसमान के नीचे रखी फसल और सब्जियों को इससे नुकसान पहुंचने की आशंका है।
सड़क पर दिखा ‘बर्फबारी’ जैसा नजारा
ओलावृष्टि के बाद चोटिया मार्ग पर दृश्य देखने लायक था। सड़कों के किनारे और खेतों में ओले इस कदर जमा हो गए थे कि दूर से देखने पर वह ओलों की एक जाल जैसी नजर आ रही थी। राहगीर और स्थानीय लोग इस नजारे को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। कुछ देर के लिए यातायात की रफ्तार भी थम गई क्योंकि सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, ऊपरी हवा के चक्रवात और नमी के कारण अचानक यह बदलाव आया है। आने वाले 24 घंटों में जिले के कुछ अन्य हिस्सों में भी अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।