कोरबा बनेगा राजनीति और विकास का केंद्र, मुख्यमंत्री के साथ पूरा कैबिनेट होगा मौजूद


अंकित सिंह : विशेष संवाददाता

कोरबा। 10 सितंबर को कोरबा जिले के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली दिन साबित होने जा रहा है। इस दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संभावित आगमन की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री यहां सरगुजा विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक न केवल सरगुजा संभाग बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ की राजनीति और विकास कार्यों के लिहाज़ से अहम मानी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में सरगुजा संभाग से जुड़े चार से पाँच जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। विशेष बात यह है कि प्रदेश सरकार के लगभग पूरे मंत्रिमंडल की उपस्थिति रहने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में कोरबा इस दिन प्रदेश की राजनीति का केंद्र बनने वाला है।

बैठक के एजेंडे में विकास कार्यों की समीक्षा प्रमुख रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट लेंगे और अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश देंगे। खासतौर पर सरगुजा संभाग में चल रहे अधूरे प्रोजेक्ट, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श होने की संभावना है।

कोरबा जिले में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले के आला अधिकारी बैठक को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। वहीं, जनप्रतिनिधि भी मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जा रही है।

सरगुजा विकास प्राधिकरण का गठन सरगुजा संभाग और उसके आसपास के जिलों में संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। इसके तहत विभिन्न जिलों की योजनाओं की समीक्षा, संसाधनों का बेहतर उपयोग और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लिए जाते हैं। कोरबा में होने वाली यह बैठक आने वाले दिनों में संभाग के विकास की दिशा तय कर सकती है।

10 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूरा मंत्रिमंडल कोरबा में मौजूद रहेगा। निस्संदेह यह क्षण कोरबा जिले के लिए एक गौरवशाली अवसर होगा, जब प्रदेश की नीतियों और योजनाओं पर बड़े स्तर पर चर्चा होगी और आने वाले समय में जिले को विकास की नई सौगातें मिलने की उम्मीद बनेगी।