Korba Latest News: हरदीबाजार के जोरहाडबरी जय स्तंभ चौक में नाली निर्माण नहीं होने से जलभराव, स्कूली बच्चे और राहगीर हो रहे परेशान

कोरबा/पाली ( सेन्ट्रलछत्तीसगढ़ ) विनोद उपाध्याय: हरदी बाजार जनपद पंचायत पाली के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत जोरहाडबरी में बारिश के मौसम ने एक बार फिर से सरकारी लापरवाही की पोल खोल दी है। जय स्तंभ चौक में नाली (पुलिया) का निर्माण न होने से क्षेत्र में भारी जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव, स्कूली बच्चे हो रहे परेशान

जय स्तंभ चौक से होकर गुजरने वाले मुख्य मार्ग का निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया गया है। यह मार्ग हरदी बाजार से बलौदा तक जाता है और कोयले के भारी वाहन रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं। लेकिन चौक के पास पुलिया या नाली नहीं बनने से बरसात का पानी जमा हो जाता है, जिससे सड़क लबालब भर जाती है।

स्कूली बच्चों सहित आम राहगीरों को गंदे और मटमैले पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई घरों में तो यह पानी घुस चुका है, जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

ग्रामीणों की शिकायतों पर भी नहीं जागा विभाग

ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों का कहना है कि ग्राम पंचायत जोरहाडबरी की सरपंच द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग को कई बार नाली निर्माण के लिए लिखित और मौखिक रूप से शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। विभाग की यह उदासीनता अब बस्ती के लोगों के लिए सिरदर्द बन चुकी है।
स्थानीय प्रशासन से समाधान की मांग

गांव के लोग अब मांग कर रहे हैं कि जल्दी से जल्दी जय स्तंभ चौक पर पुलिया का निर्माण किया जाए ताकि बारिश के समय जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस तरह की बुनियादी समस्याएं न केवल ग्रामीणों की दिनचर्या को प्रभावित करती हैं, बल्कि शासन-प्रशासन की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े करती हैं। समय रहते संबंधित विभाग द्वारा ठोस कदम उठाया जाना अत्यंत आवश्यक है।