
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) अकित सिंह : जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौदखार के पास बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गढ़वा से रायपुर की ओर जा रही यात्रियों से भरी लग्जरी स्लीपर बस सड़क किनारे खड़ी एक ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में बस पर सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
सुबह-सुबह हुआ जोरदार हादसा
जानकारी के अनुसार, सुबह के वक्त यात्री बस एक खड़ी ट्रेलर ट्रक से जोरदार टक्कर मार बैठी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
एक यात्री 5 घंटे तक फंसा रहा बस में
इस हादसे में एक यात्री, जो बस के आगे की सीट पर बैठा था, सीट के अंदर बुरी तरह फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद करीब 5 घंटे बाद उसे बाहर निकाला।
घायल यात्रियों को कराया गया अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
ड्राइवर हादसे के बाद हुआ फरार हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, अन्य यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस में शिफ्ट कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी और डायल 112 की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।