korba : ‘मूर्ति पूजा अपराध है’.. ये कहकर तोड़ दी हनुमान जी की प्रतिमा.. अब बजरंग दल ने दी प्रशासन को चेतावनी, गिरफ्तारी की मांग

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ )अकित सिंह: पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबी चौकी के सिरमीना घाटी इलाके में हनुमान जी की मूर्ति खंडित किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है और हिंदू समाज में नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हनुमान जी की मूर्ति को खंडित करने के साथ ही मंदिर के पुजारी के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने डंडे से पुजारी की पिटाई की। घटना के बाद पुजारी और ग्रामीणों द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

बताया जा रहा है कि मूर्ति को खंडित करने के आरोपी पास के ही एक गांव के निवासी हैं। आरोपियों द्वारा कथित तौर पर यह कहा गया कि मूर्ति पूजा अपराध है, जिसके चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है।

मामले को लेकर बजरंग दल ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। गांव में भी घटना को लेकर व्यापक आक्रोश देखा जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।