

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): कोरबा: छत्तीसगढ़ में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनावों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रभावी प्रदर्शन किया है। प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा ने अपना परचम लहराया। इसके अलावा, 49 नगरपालिकाओं में से 36 पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को केवल 8 सीटों पर सफलता मिली। 5 सीटें अन्य दलों के खाते में गईं।
कटघोरा नगरपालिका: भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई
कटघोरा नगरपालिका भाजपा के लिए इस बार प्रतिष्ठा की सीट बन गई थी। क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल ने अपने करीबी नेता आत्मानारायण को टिकट दिलाने से लेकर उनके प्रचार अभियान की पूरी जिम्मेदारी निभाई। लेकिन कांग्रेस के राज जायसवाल और निर्दलीय प्रत्याशी कोमल जायसवाल ने भाजपा के समीकरण को ध्वस्त कर दिया। अंततः कांग्रेस के राज जायसवाल ने जीत दर्ज की।
कटघोरा में कांग्रेस को 9 वार्डों में जीत मिली, जबकि भाजपा 5 वार्डों तक सिमट गई। एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई।
वार्ड क्रमांक 06: पवन अग्रवाल ने मारी बाज़ी
वार्ड क्रमांक 06 में भाजपा के वरिष्ठ नेता पवन अग्रवाल चुनाव मैदान में थे। वार्ड 04 के निवासी होने के बावजूद उन्होंने अपनी रणनीति से कांग्रेस को कड़ी टक्कर दी। वर्षों से पार्षद रहे कांग्रेस के घनश्याम आलवानी को उन्होंने 62 वोटों के अंतर से पराजित किया। पवन अग्रवाल को कुल 500 वोट मिले, जबकि घनश्याम आलवानी को 438 वोट प्राप्त हुए। एक अन्य प्रत्याशी चंद्रशेखर ने 79 मत हासिल किए।
चुनाव के दौरान साजिश और चुनौतियाँ
चुनाव से ठीक पहले पवन अग्रवाल के खिलाफ एक बड़ी साजिश रची गई थी। उन पर अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उन पर ‘गोंड़-गंवार’ शब्द का इस्तेमाल करने का आरोप लगाकर उनकी गिरफ्तारी की माँग की गई। विरोधियों की मंशा थी कि पवन अग्रवाल चुनाव न लड़ सकें और जेल भेजे जाएं, लेकिन उनकी यह रणनीति विफल रही। अब देखना होगा कि कटघोरा में ‘विकास पुरुष’ के रूप में पहचाने जाने वाले पवन अग्रवाल अपने नए वार्ड का प्रतिनिधित्व कैसे करते हैं और क्षेत्र के विकास के लिए किस तरह प्रयास करते हैं।
कैसा रहा कटघोरा का नतीजा?
कटघोरा के वार्डो की स्थिति देखें
निर्दलीय उम्मीदवार ने वार्ड क्रमांक 01 में जीत दर्ज की।
वार्ड क्रमांक 02, 03, 07, 08, 09, 10, 11, 12 और 14 में कांग्रेस विजयी रही।
भाजपा ने वार्ड क्रमांक 04, 05, 06, 13 और 15 में जीत दर्ज की।
कोरबा जिले में भाजपा का दबदबा
कोरबा जिले में भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा। कोरबा नगर निगम, दीपका और बांकीमोंगरा नगर पालिकाओं पर भाजपा ने जीत दर्ज की। छुरी और पाली नगर पंचायतों में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। कोरबा नगर निगम में भाजपा की संजू देवी राजपूत ने कांग्रेस की उषा तिवारी को भारी मतों से पराजित किया। भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस को 52 हजार वोटों से हराकर लंबे समय बाद कांग्रेस के गढ़ को ध्वस्त कर दिया।
