

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): छत्तीसगढ़ में हुए नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें भाजपा ने कई जगहों पर परचम लहराया है। इस चुनाव में भाजपा ने अधिकांश निकायों में जीत दर्ज की, वहीं कांग्रेस को कई स्थानों पर हार का सामना करना पड़ा।

भाजपा का शानदार प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों में भाजपा ने प्रभावशाली जीत हासिल की। रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ समेत सभी नगर निगमों में भाजपा ने परचम लहराया। 49 नगरपालिकाओं में से 36 पर भाजपा ने कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस केवल 8 पर जीत दर्ज कर पाई। अन्य 5 नगरपालिकाओं में तीसरे मोर्चे के प्रत्याशी विजयी रहे।
114 नगर पंचायतों में भी भाजपा ने अपनी मजबूती साबित की। इनमें से 84 नगर पंचायतों में भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को 20 सीटों पर संतोष करना पड़ा। शेष सीटों पर निर्दलीय और अन्य दलों के उम्मीदवार विजयी रहे।
कटघोरा नगरपालिका में कांग्रेस की जीत
कटघोरा नगरपालिका के नतीजों में कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया। कांग्रेस के राज जायसवाल ने 554 मतों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के आत्मानारायण पटेल और तीसरे उम्मीदवार कोमल जायसवाल को पराजित किया।
वार्ड क्रमांक 5 में भाजपा ने तोड़ा कांग्रेस का दबदबा
कटघोरा के वार्ड क्रमांक 5 में पहली बार भाजपा को जीत मिली। यह वार्ड पिछले तीन दशकों से कांग्रेस का मजबूत गढ़ था, लेकिन इस बार भाजपा की मधुलता कश्यप ने 214 वोटों से जीत दर्ज कर परंपरा तोड़ दी। निर्दलीय उम्मीदवार की मौजूदगी से मुकाबला और दिलचस्प हो गया था। निकाय बनने के बाद यह पहला मौका था जब इस वार्ड में भाजपा का कमल खिला। इस जीत के बाद वार्ड के भाजपा सदस्यों में भारी उत्साह है। जगह-जगह आतिशबाजी हो रही है।
