
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़): जिले के उपनगरीय क्षेत्र कटघोरा में आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन होगा। सीएम दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से कटघोरा पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके साथ भाजपा जिला संगठन और प्रशासन की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है।
सेनानी सीताराम कंवर की प्रतिमा का लोकार्पण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कटघोरा में आदिवासी समाज के सेनानी सीताराम कंवर की प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम कटघोरा के रामपुर क्षेत्र में आयोजित किया गया है। सेनानी सीताराम कंवर को क्षेत्र में आदिवासी समाज के नायक के रूप में सम्मानित किया जाता रहा है।

भगवान सहस्त्रबाहु चौक का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री कटघोरा के कसनिया मोड़ चौक पर भगवान सहस्त्रबाहु के नाम पर बनने वाले चौक का भूमिपूजन भी करेंगे। यह स्थल जायसवाल समाज के आराध्य भगवान सहस्त्रबाहु को समर्पित किया जाएगा।
सातगढ़ में होगा कंवर समाज का केंद्रीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम सातगढ़ कंवर समाज के केंद्रीय भवन महेशपुर में होगा, जहां वे समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और एक आमसभा को भी संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शुरू होने की संभावना है।
दोपहर 3 बजे होंगे बेमेतरा के लिए रवाना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करीब दो घंटे तक कटघोरा में रुकेंगे और फिर दोपहर 3 बजे बेमेतरा के लिए रवाना हो जाएंगे।
चौक को लेकर हुआ था विवाद, प्रशासन ने सुलझाया मामला
कुछ दिन पहले चकचकवा पहाड़ के पास स्थित चौक को लेकर विवाद की स्थिति बन गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा इस चौक का नाम भगवान सहस्त्रबाहु के नाम पर करने की घोषणा के बाद आदिवासी समाज ने विरोध जताया था। उनका कहना था कि उस स्थान पर पहले ही सेनानी सीताराम कंवर की प्रतिमा लगाने और नामकरण का निर्णय ग्रामसभा में लिया जा चुका है। इस विवाद को सुलझाने जिला कलेक्टर अजीत वसंत खुद मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। आखिरकार सहमति बनी कि भगवान सहस्त्रबाहु की प्रतिमा के लिए कसनिया मोड़ चौक का चयन किया जाएगा और वहीं आज मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन किया जाएगा।