Katghora Latest News: भाजपा ने खोला नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा.. इन मुद्दों को लेकर जन आंदोलन करने की दी चेतावनी..

कोरबा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) कटघोरा: भारतीय जनता पार्टी के कटघोरा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने नगर पालिका परिषद कटघोरा में व्याप्त अव्यवस्थाओं, मनमानी और गैरजिम्मेदाराना रवैये को लेकर नगर पालिका अधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। इस पत्र में नगर पालिका के संचालन में पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भारी खामियों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया है।

जन योजनाओं के क्रियान्वयन में अनदेखी का आरोप

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं नगर पालिका परिषद के माध्यम से संचालित होती हैं, लेकिन कटघोरा नगर पालिका के जिम्मेदारों द्वारा इन योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने में घोर लापरवाही बरती जा रही है। अधिकारी वर्ग की मनमानी और जिम्मेदारी से भागने के कारण जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।

अव्यवस्थित निर्माण कार्य और गुणवत्ताहीन विकास

अभिषेक गर्ग ने कहा कि नगर में मूलभूत सुविधाएं जैसे – स्वच्छ जल, स्वच्छ नगर, पथ प्रकाश व्यवस्था, सड़कें आदि की हालत बेहद खराब है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग हो रहा है और शासन के नियमों की अनदेखी की जा रही है।
सार्वजनिक कार्यों में गुणवत्ता की कमी के साथ-साथ भ्रष्टाचार और अनियमितताएं भी उजागर हुई हैं। निर्माण कार्यों में कम लागत दिखाकर अधिक खर्च दर्शाया जा रहा है, जिससे शासन के धन का दुरुपयोग हो रहा है।

शासकीय कर्मचारियों का निजी कार्यों में दुरुपयोग

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि नगर निकाय के शासकीय कर्मचारियों का उपयोग अधिकारियों द्वारा अपने निजी कार्यों में किया जा रहा है। इससे न केवल शासन की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि आम नागरिकों को उनके कार्यों के लिए समय पर सुविधा नहीं मिल पा रही है। मजदूरों की भारी कमी के बीच, प्रभावशाली लोग शासकीय संसाधनों का निजी लाभ के लिए दुरुपयोग कर रहे हैं।

भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से अभिषेक गर्ग ने नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने मांग की कि शासन की मंशा के अनुरूप नगर पालिका में पारदर्शी और जनहितैषी कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जाए, जिससे जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।

नहीं हुआ सुधार, तो होगा जनआंदोलन

अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका में शीघ्र सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए और भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो भारतीय जनता पार्टी को जनता के हित में जन आंदोलन की राह अपनानी पड़ेगी।