
कोरबा/पाली ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़) हिमांशु डिक्सेना : दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम नुनेरा के पास आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर मारने के बाद ट्रेलर सड़क पर ही पलट गया, वहीं बाइक सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।
काम पर जा रहे थे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पोटापानी के रहने वाले थे। वे रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर दीपका खदान में काम करने जा रहे थे। जैसे ही वे नुनेरा के पास पहुंचे, सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम
हादसे की खबर फैलते ही पोटापानी और आसपास के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित लोगों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार आए दिन मासूमों की जान ले रही है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
- मृतक के परिजनों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए।
- भारी वाहनों की गति सीमा निर्धारित की जाए और नो-एंट्री का पालन हो।
- मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात
चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। अधिकारियों द्वारा मृतक के परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण ठोस आश्वासन और मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।