कोरबा में जनपद सदस्य के पति की गुंडागर्दी.. खुद को बताता है इस BJP नेता का करीबी, कर दी मुक्तांजलि के ड्राइवर की पिटाई

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) ,: उर्जाधानी: शहर में अपराध और सत्ता के गठजोड़ का नया मामला सामने आया है, जहां प्रभावशाली लोगों की पहुंच और राजनीतिक संबंधों के दम पर कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाया जा रहा है। कई बाहुबली खुद को सत्ता दल और जनप्रतिनिधियों के नजदीकी बताकर आम नागरिकों पर अत्याचार करने से नहीं हिचकिचाते। पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता के कारण ऐसे लोगों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

मुक्तांजलि वाहन चालक की बेरहमी से पिटाई

ताजा मामला कोरबा जिले का है, जहां एक जनपद सदस्य के पति ने अपनी दबंगई दिखाते हुए मुक्तांजलि वाहन के एक निर्दोष चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपी की पहचान अरविंद भगत के रूप में हुई है, जो खुद को भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत का करीबी बताता है।

राजनीतिक संबंधों के दम पर गुंडागर्दी

जानकारी के अनुसार, अरविंद भगत सत्ताधारी दल भाजपा के बड़े नेताओं और मंत्रियों से नजदीकी संबंधों का दावा करता है। इसी राजनीतिक रसूख के बल पर वह कानून को ठेंगा दिखाते हुए आए दिन अपनी मनमानी करता है। इस घटना के बाद भी स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे आम जनता में आक्रोश व्याप्त है।

पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

पीड़ित चालक ने कोरबा पुलिस में अरविंद भगत के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अब सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करेगी या फिर सत्ता और संबंधों के चलते आरोपी बच निकलने में कामयाब रहेगा? यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस तरह की गुंडागर्दी पर क्या रुख अपनाता है।