महाराष्ट्र चुनाव में गोंगपा के ठोकी ताल, भाजपा-कांग्रेस को चुनौती… गोंगपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा…

दिल्ली/कोरबा आदिवासी अस्मिता और मूल निवासियों के अधिकारों के लिए संघर्षरत गोंडवाना गणतंत्र पार्टी छत्तीसगढ़ के बाद महाराष्ट्र में भी पैर पसारने की तैयारियों में जुट गई है। इसकी पुष्टि खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पाली-तानाखार विस क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने की है। मीडिया से हुई बातचीत में तुलेश्वर मरकाम ने कहा कि वह और उनकी पार्टी चुनावों के लिए पूरी तरह अपडेट रहती हैं।

तुलेश्वर मरकाम, राष्ट्रीय अध्यक्ष गोंगपा एवं

महाराष्ट्र विधानसभा में दिलचस्पी

मीडिया से हुई बातचीत में तुलेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि, हाँ महारष्ट्र में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी विदर्भ के सभी सीटों पर ताल ठोंकेगी। उनकी पार्टी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी विदर्भ क्षेत्रांतर्गत सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर कहा कि, महाराष्ट्र में प्रकाश आंबेडकर की पार्टी वंचित बहुजन आघाड़ी का जनाधार रहा हैं। जल्द ही जीजीपी और वंचित बहुजन आघाड़ी के बीच साथ चुनाव लड़ने को लेकर चर्चा की जाएगी। तुलेश्वर मरकारम ने यह भी कहा कि विदर्भ के अलावा मुंबई और पुणे से सटे कई और भी क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य है लिहाजा वहां भी पार्टी अपने उम्मीदवार खड़े करने पर विचार कर सकती है। बता दें कि महाराष्ट्र में कुल विधानसभा सीटें हैं 288 है जबकि विदर्भ क्षेत्र में 62 विधानसभा सीटें आती हैं।

एमपी के उपचुनाव पर भी निगाह

तुलेश्वर मरकाम ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों से इतर मध्यप्रदेश के दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव पर भी बात की। उन्होंने बताया की बुधनी प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का गढ़ रहा है। उनके सांसद बनने से यहाँ उपचुनाव होने जा रहे हैं। इसी तरह एक अन्य सीट विजयनगर है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी दोनों ही सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। जहाँ तक पार्टी की तैयारी का सवाल है तो उनकी पार्टी पूरे पांच चाल अपडेट रहती है। एमपी के दोनों सीटों के लिए उनकी तरफ से एक चुनाव प्रभारी को चुनावी क्षेत्र में संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा के लिए भेजा गया है। जल्द ही दोनों हुई सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।

कौन है तुलेश्वर मरकाम?

बता दें कि तुलेश्वर मरकाम पाली-तानाखार आरक्षित सीट से विधायक हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के रामदयाल उइके और कांग्रेस की महिला नेत्री दुलेश्वरी सिदार को पटखनी दी थी। इस सीट पर पूर्व में उनके दिवंगत पिता हीरासिंह मरकाम भी विधायक रह चुके हैं। तुलेश्वर सिंह मरकाम गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी है। गोंगपा का जनाधार छत्तीसगढ़ के पाली-तानाखार समेत मरवाही के आदिवासी अंचलों में व्यापक रूप से देखा जाता रहा हैं। इसी तरह मध्यप्रदेश के बालाघाट, शहडोल और महाराष्ट्र के सीमाई इलाको में भी जीजीपी को समर्थन हासिल होता रहा है। बहरहाल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और एमपी के उप चुनावों में गोंगपा क्या कमाल कर पाती है यह देखना दिलचस्प होगा।

कब है चुनाव और उप चुनाव ?

बता दें कि, महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनावों के लिए वोट डाले जाएंगे। नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। इसी तरह उपचुनाव की अधिसूचना 18 अक्टूबर को जारी हो जाएगी। 25 तारीख को नामांकन करने की अंतिम तारीख है। 30 अक्टूबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकते हैं। 13 नवंबर को बुधनी और विजयपुर में वोटिंग होगी। वहीं, 23 नवंबर को रिजल्ट आएंगे।