
लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष पत्रकारिता आवश्यक: मंत्री लखन लाल देवांगन
सेन्ट्रल छत्तीसगढ़/ विनोद उपाध्याय/हरदी बाजार/ कोरबा ..जिला स्तरीय पत्रकार मिलन एवं सम्मान समारोह 2026 सोमवार को जेआरसी खेल मैदान, विकास नगर कुसमुण्डा में गरिमामय और उत्साहपूर्ण संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की कुसमुण्डा इकाई द्वारा किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने भाग लिया। समारोह ने पत्रकार समुदाय के बीच एकजुटता, संवाद और संगठनात्मक मजबूती का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता संघ के प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राई ने की। इस अवसर पर कोरबा नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल,प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता, प्रदेश सह सचिव हरिश तिवारी, बिलासपुर संभाग अध्यक्ष राहुल डिक्सेना, संभागीय उपाध्यक्ष श्रीधर नायडू, संभागीय सचिव अमरिक सिंह (रिंकु) तथा जिलाध्यक्ष शशिकांत डिक्सेना सहित हरदी बाजार,दीपका,दर्री,बंकिमोगरा,कटघोरा, बरपाली, पसान, पोड़ी उपरोड़ा,के ब्लाक अध्यक्ष, व पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात जिले के वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्य, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त पत्रकारों ने इसे अपने दायित्वों के प्रति और अधिक सजग रहने की प्रेरणा बताया।
मुख्य अतिथि मंत्री लखन लाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला हैं और शासन व समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय में मीडिया की जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं तथा निष्पक्ष, तथ्यपरक और सकारात्मक पत्रकारिता से ही लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ किया जा सकता है इस दौरान कुसमुंडा संघ के मांग पर प्रेस भवन बनाने के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की ।
विशिष्ट अतिथि प्रेमचंद पटेल ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज को प्रभावी रूप से सामने लाते हैं। उन्होंने संगठनात्मक एकता पर बल देते हुए कहा कि चुनौतियों के इस दौर में पत्रकारों को आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखना चाहिए।
कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल,ने कहा कि पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और संगठन का विस्तार समय की मांग है।
प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके पेशेवर विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और शहर के विकास व जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया के समक्ष वर्तमान चुनौतियों, डिजिटल युग में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा निष्पक्षता की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह ने जिले के पत्रकारों के बीच नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और संगठनात्मक मजबूती का संचार किया तथा पत्रकारिता के मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ ।।
