korba : प्राचार्य पर सख्त कार्रवाई की मांग, निलंबन व एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया के प्राचार्य ललित कुमार चंद्र के विरुद्ध बोर्ड परीक्षा के दौरान सामने आए गंभीर आरोपों को लेकर प्रदेश सह संयोजक झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ राजेश यादव ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

राजेश यादव ने छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को पत्र भेजकर कहा है कि बोर्ड परीक्षा जैसे संवेदनशील समय में प्राचार्य द्वारा परीक्षा कक्षों में बिना ड्यूटी के लगातार घूमना तथा उड़नदस्ता टीम की समझाइश के बाद भी नियमों की अनदेखी करना बेहद गंभीर मामला है। इससे परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने कहा कि उड़नदस्ता टीम द्वारा 27 फरवरी एवं 2 मार्च 2026 को किए गए निरीक्षण में भी प्राचार्य की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं। इसके बावजूद सुधार न होना शासकीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही और मनमानी को दर्शाता है, जो कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का स्पष्ट उल्लंघन है।

राजेश यादव ने शिक्षा मंत्री से मांग की है कि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा और बोर्ड परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संबंधित प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए तथा उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो इससे शिक्षा व्यवस्था पर गलत प्रभाव पड़ेगा। इसलिए सरकार को इस मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई कर एक सशक्त संदेश देना चाहिए।यदि सरकार कार्यवाही नहीं करती है तो हमे आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।