Chhattisgarh Municipal Election 2025: सरोज पांडेय ने किया बड़ा दावा.. कहा, ’10 नगर निगम समेत सभी निकायों में जीत रही है भाजपा’

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): नगर निकाय चुनाव को लेकर कटघोरा में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। भाजपा, कांग्रेस समेत तीसरा मोर्चा भी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुका है। सभी दलों के प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान में पूरी तरह सक्रिय हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए धुआंधार प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 9 फरवरी को रात 12 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। इसके बाद सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार के लाउडस्पीकर के उपयोग पर 10 फरवरी की सुबह 10 बजे से रोक रहेगी।

11 फरवरी को मतदान, 15 फरवरी को आएंगे नतीजे

राज्य के सभी नगर निगमों और नगर निकायों में 11 फरवरी को मतदान होगा। प्रदेश के 10 निगमों समेत अन्य निकायों में भी जनता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगी। इसके बाद 15 फरवरी को मतगणना के साथ ही सभी चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे।

भाजपा की स्टार प्रचारक सरोज पांडेय का दावा

भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और स्टार प्रचारक सरोज पांडेय ने मीडिया के समक्ष बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा बहुत मजबूत स्थिति में है और सभी 10 नगर निगमों समेत अधिकांश निकायों में पार्टी की जीत तय है। उन्होंने कहा, “हमारे सभी प्रत्याशी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं, और महापौर की कुर्सी भी भाजपा के ही खाते में जाएगी।”

कोरबा समेत अन्य क्षेत्रों में भाजपा मजबूत

सरोज पांडेय ने कहा कि लोरबा समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा की स्थिति मजबूत है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और पार्टी के विकास कार्यों के दम पर भाजपा को शानदार जीत मिलेगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के दावों को “मुंगेरीलाल के सपने” करार देते हुए कहा कि जनता इनके झूठे वादों से अच्छी तरह वाकिफ है।

दिल्ली में भी सरकार बनाएगी भाजपा

सरोज पांडेय ने आगे कहा कि न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि दिल्ली में भी भाजपा की स्थिति बेहद मजबूत है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा जनता के समर्थन से सभी निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन करेगी और देशभर में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएगी।