छेड़छाड़ से क्षुब्ध होकर नाबालिग ने लगाई फांसी; आरोपी गिरफ्तार, पास्को एक्ट के तहत कार्रवाई

कोरबी/पसान ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) जफर खान : छत्तीसगढ़ के कोरबी चौकी क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक नाबालिग लड़की ने विवाह कार्यक्रम में हुई छेड़छाड़ से परेशान होकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना का विवरण

​जानकारी के अनुसार, पीड़िता 7 तारीख को अपने पिता के साथ नवापारा से बाबू पारा एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। रात्रि लगभग 8:00 बजे जब उसके पिता फ्रेश होने के लिए गए थे, तभी उन्हें खेत की ओर से अपनी बेटी के रोने की आवाज सुनाई दी। जब पिता मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने एक युवक को वहां से भागते हुए देखा।

​आरोपी की पहचान नरेंद्र के रूप में हुई है, जो सूरजपुर जिले के ग्राम अन्नपूर्णा (थाना प्रेम नगर) का निवासी है। वह विवाह कार्यक्रम के दौरान नाबालिग के साथ छेड़छाड़ कर रहा था।

आत्मघाती कदम

​अगली सुबह (8 तारीख) पिता अपनी बेटी को लेकर वापस छिदिया स्थित अपने घर आ गए। घटना से नाबालिग काफी डरी हुई और मानसिक रूप से परेशान थी। घर आने के बाद वह अचानक कहीं चली गई, जिसके बाद उसकी तलाश की गई। कुछ समय बाद, छिदिया नर्सरी में उसका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। छेड़छाड़ की ग्लानि और परेशानी के कारण नाबालिग ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना के अंतर्गत कोरबी चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र के खिलाफ निम्नलिखित धाराओं में मामला दर्ज किया है:

  • आत्महत्या के लिए प्रेरित करना * अपहरण
  • छेड़छाड़ * पॉक्सो एक्ट (POCSO Act)

​पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।