दीपका में 11 अगस्त को निकलेगी भव्य भोजली रैली

सेंट्रल छत्तीसगढ़ / विनोद उपाध्याय कोरबा …छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा 11 अगस्त को दीपका में भव्य भोजली रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली छत्तीसगढ़ी परंपरा, वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत को उजागर करते हुए दीपका कॉलोनी से प्रारंभ होकर प्रगतिनगर स्थित पुराने झाबर तालाब पहुंचेगी, जहां पारंपरिक विधि से भोजली का विसर्जन किया जाएगा। रैली में कर्मा, सुवा, पंथी, राउत नाचा, नवदुर्गा नृत्य और आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां शामिल होंगी। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उन्हें संरक्षित करने का एक प्रयास है। रैली की तैयारियों के तहत नागपंचमी के दिन दीपका स्थित वैष्णो देवी मंदिर, दीपेश्वरी मंदिर एवं जिले के अन्य स्थलों पर पारंपरिक भोजली गीतों के साथ भोजली की बुवाई की गई। आयोजन में जिले सहित प्रदेश भर से हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने प्रदेशवासियों से जाति, धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर इस सांस्कृतिक आयोजन में भाग लेकर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा को जीवित रखने की अपील की है। ज्ञात हो कि भोजली पर्व जिसे मीत-मितानी का त्योहार भी कहा जाता है, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक है। इसे जन-जन तक पहुंचाने और संजोने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।