रायपुर। छत्तीसगढ़ के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया। इसके बाद प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ आने वाले समय की कई योजनाओं और फैसलों का ऐलान किया। मुख्यमंत्री के भाषण में बस्तर का विकास, महिला सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार, AI तकनीक, निवेश, शिक्षा और अधोसंरचना प्रमुख मुद्दे रहे।
बेटियों के लिए 6,671 स्कूलों में बनेंगे शौचालय
स्वतंत्रता दिवस के मंच से मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इस अभियान के तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। सरकार ने इसे बेटियों की सुविधा और सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया है।
नक्सलवाद से मुक्त बस्तर में विकास की नई रणनीति
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सफलता के बाद बस्तर में शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने की बात कही गई। सरकार के अनुसार बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
किसानों के लिए धान खरीदी और फसल विविधीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है। वहीं धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसल लेने पर कृषक उन्नति योजना के तहत 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
सिंचाई के लिए 11 हजार करोड़ से ज्यादा
प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दिए जाने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी। सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इंद्रावती नदी पर मटनार और देउरगांव बैराज बनाने की योजना है, जिससे 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को 19,444 करोड़ रुपये
महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 19,444 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। जनजातीय क्षेत्रों में भी विभिन्न योजनाओं के जरिए बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का दावा किया गया।
युवाओं के लिए 7 हजार पुलिस भर्ती, हजारों पदों पर प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने रोजगार के मोर्चे पर कहा कि पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। शिक्षक और सहायक शिक्षक के 3,946 पदों तथा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम योजना’ शुरू करने की भी जानकारी दी गई।
500 करोड़ का AI मिशन, 6 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़ को तकनीक और भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सरकार ने 500 करोड़ रुपये के राज्य AI मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से ज्यादा AI आधारित सेवाएं विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री के अनुसार छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख शासकीय कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनसे लगभग 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर बनने की संभावना जताई गई है। नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना भी बताई गई।
सड़क, रेल, बिजली और इंटरनेट नेटवर्क को विस्तार
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कनेक्टिविटी और ऊर्जा व्यवस्था को लेकर भी कई आंकड़े साझा किए। एनर्जी समिट में 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने की जानकारी दी गई। वहीं 90 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की बात कही गई। भारतमाला परियोजना, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे और रावघाट-जगदलपुर रेल नेटवर्क को विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया।
साइबर अपराध पर सरकार का फोकस
कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में नौ नए साइबर पुलिस थाने बनाए गए हैं। इसके साथ ही डायल-112 सेवा पूरे प्रदेश में लागू किए जाने की जानकारी दी गई।
चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी
पर्यटन के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा में सुविधाओं के विस्तार की बात कही। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करते हुए वहां टेंट सिटी बनाने की योजना है। वहीं सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की बात कही गई है।
पर्यावरण संरक्षण : 7 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाने का दावा
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता बताया गया।
विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन के अंत में विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर राज्य और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।