NH130 कटघोरा-पाली रोड पर भीषण सड़क हादसा: दो की मौत, एक गंभीर घायल..

पाली/कटघोरा / सेन्ट्रल छत्तीसगढ़:पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चैताम स्थित चेतन डिस्पोजल फैक्ट्री के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित अर्टिगा कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।

​मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी चेतन डिस्पोजल फैक्ट्री के पास सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

​हादसे की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है।