
कोरबा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़): पोड़ी-उपरोड़ा से बांगो डैम तक जाने वाली बदहाल सड़क मार्ग की अविलंब मरम्मत को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है। सड़क की खस्ताहाल स्थिति से आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 07 दिनों के भीतर गड्ढों को भरकर मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे NH-130 पर चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे।
20 गांवों का आवागमन प्रभावित, रोजाना हो रहे हादसे
ज्ञापन के अनुसार, पोड़ी-उपरोड़ा से बांगो डैम तक का सड़क मार्ग अत्यधिक जर्जर हो चुका है, जिससे लगभग 20 गांवों का संपर्क और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण अब पैदल चलना भी दूभर हो गया है। आए दिन लोग इन गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उठाई मांग
ग्रामीणों और स्थानीय प्रतिनिधियों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए शासन-प्रशासन को कई बार लिखित एवं मौखिक आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला पंचायत सदस्य (क्षेत्र क्र. 22) संजू भोला गोस्वामी, ग्राम पंचायत बांगो सरपंच, ग्राम पंचायत पाथा सरपंच, ग्राम पंचायत लेपरा सरपंच एवं ग्राम पंचायत लालपुर सरपंच सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी-उपरोड़ा, कार्यपालन अभियंता (मिनीमाता बांगो बांध संभाग) तथा थाना प्रभारी (बांगो) को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
