
कोरबा / पाली-तानाखार ( सेंट्रल छत्तीसगढ़) :विकासखंड कटघोरा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय छुरीकला में व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाओं और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के साथ कथित मानसिक प्रताड़ना व अभद्र व्यवहार का मामला गरमा गया है। पाली-तानाखार विधानसभा (क्षेत्र क्र. 23) के विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने इस मामले को लेकर कोरबा कलेक्टर को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ तत्काल निलंबन, निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
न्यूज एवं समाचारों के माध्यम से सामने आई अव्यवस्था
विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने कलेक्टर को प्रेषित पत्र (क्रमांक: 188/MLA-23/निज स./2026, दिनांक: 01/08/2026) में उल्लेख किया है कि विभिन्न समाचार माध्यमों से छुरीकला स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में गंभीर अव्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त हुई है।
समाचारों के अनुसार, विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और उनके लिए अपमानजनक व अभद्र शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। विधायक ने इसे घोर लापरवाही और अपने कर्तव्यों के पूरी तरह विपरीत कार्य करार दिया है।
आदिवासी समुदाय में गहरा आक्रोश
विधायक मरकाम ने पत्र में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आवासीय विद्यालय में बच्चों के साथ हो रहे इस प्रकार के दुर्व्यवहार से पूरे आदिवासी समुदाय में अत्यधिक रोष और आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक की प्रमुख मांगें:
- तत्काल निलंबन: घटना में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध तुरंत निलंबन की कार्रवाई की जाए।
- निष्पक्ष जांच: पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- कठोर कार्रवाई: जांच के उपरांत दोषियों पर दंडात्मक एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- कृत कार्रवाई की जानकारी: मामले में प्रशासन द्वारा की गई अब तक की कार्रवाई से विधायक कार्यालय को भी अवगत कराया जाए।