
कटघोरा /सेन्ट्रल छत्तीसगढ़. :जनपद सदस्य अक्षय गर्ग चर्चित हत्याकांड मामले में एक नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। प्रकरण के मुख्य गवाहों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घर पहुँचकर जान से मारने की धमकी देने और न्यायालय में बयान बदलने का दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद गवाहों में दहशत का माहौल है, जिसे लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
क्या है पूरा मामला?
पसान थाना क्षेत्र के लोकाड़ा निवासी गवाह कमलेश टीकम ने कटघोरा पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर आकर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। आरोप है कि गवाह पर अदालत में दिए जाने वाले बयानों को बदलने और आरोपियों के पक्ष में गवाही देने के लिए भारी दबाव बनाया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कटघोरा पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया है:
- धाराएं: पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 332(1) और 351 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
- शून्य पर कायमी: घटना स्थल पसान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण कटघोरा पुलिस ने शून्य (0) पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विवेचना हेतु केस डायरी पसान थाना स्थानांतरित कर दी है।
- आरोपी की तलाश: पुलिस की विशेष टीम धमकी देने वाले अज्ञात आरोपी का सुराग लगाने और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।