
पौड़ी उपरोड़ा (कोरबा) सेन्ट्रल छत्तीसगढ़: जनपद पंचायत पौड़ी उपरोड़ा में सरपंच संघ और जनपद सदस्यों के एकजुट विरोध और उग्र आंदोलन की चेतावनी के आगे आखिरकार जिला प्रशासन को झुकना ही पड़ा। स्थानांतरण आदेश के बाद भी पद पर जमे तत्कालीन सीईओ भूपेंद्र सोनवानी को हटाने, तालाबंदी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम की दी गई चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को उन्हें उनके मूल पदस्थापना स्थान के लिए तत्काल प्रभाव से रिलीफ कर दिया।

जनप्रतिनिधियों की जीत, नए सीईओ का हुआ भव्य स्वागत
प्रशासनिक आदेश जारी होने के बाद जनपद पंचायत पौड़ी उपरोड़ा में नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में श्री खरेश निर्मलकर ने पदभार ग्रहण कर लिया है। नए सीईओ के आगमन पर जनपद सदस्यों और सरपंच संघ में खासा उत्साह देखने को मिला। जनपद भवन पहुंचे नए सीईओ खरेश निर्मलकर का जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।

फटाके फोड़े, बांटी मिठाइयां
अपनी न्यायसंगत मांग पूरी होने और विवादित सीईओ के रिलीफ होने की खुशी में सरपंचों और जनपद सदस्यों ने जनपद पंचायत परिसर में पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय पर लिया गया यह निर्णय क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने में मील का पत्थर साबित होगा।

स्वागत कार्यक्रम में ये प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे मौजूद:
इस अवसर पर मुख्य रूप से जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश जाखड़, आयुष सिंह, विजय दुबे, शिव भरोस लकड़ा, छतर पाटले, चतुर्भुवन नायक, कन्हैयालाल चौहान, भोला गोस्वामी, तिवारी मरकाम, सरपंच संघ के अध्यक्ष प्रताप सिंह मरावी, राजकुमारी कंवर, और प्रमिला कंवर सहित भारी संख्या में सरपंच एवं जनपद सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नए सीईओ खरेश निर्मलकर के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास में पूर्ण सहयोग देने की बात कही।