
पाली ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): विकासखंड पाली के ग्राम डूमरकछार में रविवार सुबह आयोजित चंगाई सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सभा की सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया और मामला सीधे पुलिस तक पहुंच गया।
कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डूमरकछार में रविवार सुबह उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक घर में चल रही अवैध चंगाई सभा को रंगे हाथों पकड़ लिया। सुबह करीब 8:00 बजे भारी संख्या में पहुंचे हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने इस सभा का कड़ा विरोध करते हुए इसे तुरंत बंद कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची डायल 112 और पाली पुलिस की टीम ने चंगाई सभा का संचालन करने वाले गृहस्वामी को हिरासत में ले लिया है।
बिजली विभाग का कर्मचारी है मुख्य आयोजक
मिली जानकारी के अनुसार, जिस मकान में यह पूरी गतिविधि संचालित हो रही थी, उसका मालिक विद्युत विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ है। आरोप है कि वह अपने शासकीय पद का दुरुपयोग और प्रभाव दिखाकर लंबे समय से अपने निजी आवास पर इस अवैध चंगाई सभा का खेल चला रहा था। यहाँ स्थानीय ग्रामीणों के अलावा कटघोरा, हरदीबाजार और आसपास के सुदूर ग्रामीण अंचलों से सीधे-साधे और भोले-भाले लोगों को गाड़ियों में भरकर लाया जाता था और विशेष प्रार्थना के नाम पर भीड़ जुटाई जा रही थी।
2 महीने पहले भी हुई थी शिकायत, पुलिस पर उठे सवाल
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि डूमरकछार में चल रही इस संदिग्ध गतिविधि की भनक उन्हें काफी समय पहले लग चुकी थी। इस संबंध में आज से ठीक 2 महीने पहले ही पाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई थी। संगठन का आरोप है कि यदि पुलिस ने समय रहते इस पर वैधानिक कदम उठाए होते, तो आज यह स्थिति निर्मित नहीं होती। पुलिस की निष्क्रियता के कारण ही आयोजकों के हौसले बुलंद थे।
थाने में भारी भीड़, शिकायत दर्ज
सुबह हंगामे और विवाद की सूचना मिलते ही पाली पुलिस की टीम और डायल 112 तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कानून व्यवस्था को संभालते हुए चंगाई सभा को पूरी तरह बंद कराया और कंप्यूटर ऑपरेटर को हिरासत में लेकर पाली थाने ले आई।
इधर, घटना के बाद भारी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी एकजुट होकर पाली थाने पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक थाना परिसर में गहमा-गहमी का माहौल बना हुआ है और संगठन के लोग अवैध चंगाई सभा और कथित धर्मांतरण के प्रयास के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कराने की लिखित शिकायत दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच और ग्रामीणों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कह रही है।