
सेंट्रल छत्तीसगढ़/दीपका/कोरबा.. नगर पालिका परिषद दीपका में बजट को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विशाल शुक्ला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत और नगर पालिका परिषद पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
विशाल शुक्ला ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष को पद संभाले एक वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अब तक न तो नगर पालिका का वार्षिक बजट परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया गया है और न ही नगर के समग्र विकास की कोई स्पष्ट रूपरेखा सामने रखी गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में प्रतिवर्ष बजट बैठक आयोजित कर पार्षदों की उपस्थिति में आय-व्यय का विवरण और आगामी विकास कार्यों की योजना तय की जाती है, लेकिन इस बार अब तक ऐसी कोई प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष मद की राशि भी लंबे समय से उपयोग नहीं की गई है। डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी अध्यक्ष मद यथावत पड़ा हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि नगर के विकास को लेकर कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यदि बजट ही प्रस्तुत नहीं होगा तो विकास कार्यों की दिशा और प्राथमिकताएं कैसे तय होंगी, यह बड़ा सवाल है।
विशाल शुक्ला ने कहा कि गर्मी के पूरे मौसम में नगरवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा, लेकिन नगर पालिका द्वारा पानी की कोई प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। वहीं अब मानसून सिर पर है, फिर भी नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और आवश्यक मरम्मत कार्यों पर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया गया है।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते तैयारी नहीं की गई तो पहली ही बारिश में नालियों का गंदा पानी सड़कों और लोगों के घरों में घुस सकता है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली से ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासनिक और विकासात्मक गतिविधियां पूरी तरह ठप पड़ गई हैं। बजट प्रस्तुत नहीं होने से विकास कार्यों पर भी अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि नगर पालिका परिषद शीघ्र बजट बैठक आयोजित कर नगर के विकास की स्पष्ट रूपरेखा जनता और पार्षदों के सामने रखे तथा लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करे।
“बिना बजट के विकास की बात करना केवल कागजी दावा है। नगर पालिका को जनता के प्रति जवाबदेह बनना होगा और बजट पेश कर यह बताना होगा कि आने वाले समय में दीपका के विकास के लिए उसकी क्या योजना है।।