
कोरबा / बांगो: / सेन्ट्रल छत्तीसगढ़. : कहा जाता है कि शराब अच्छे-भले इंसान को हैवान बना देती है। इसका एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहाँ दमहामुड़ा के गांधी मोहल्ला में एक शराबी पति बलीराम मरावी ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर अपनी ही पत्नी संगीत मारावी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
सुबह 11 बजे आंगन में खूनी खेल
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना आज सुबह करीब 11:00 बजे की है। आरोपी पति अत्यधिक शराब पीने का आदी है। आज सुबह भी वह अपनी पत्नी से शराब खरीदने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। जब पत्नी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी आपा खो बैठा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि पति ने घर के आंगन में ही रखे डंडे और अन्य धारदार औजारों से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट लगने के कारण तड़प-तड़प कर महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर जमी रही लोगों की भीड़, पुलिस को दी गई सूचना
दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड की खबर जैसे ही आस-पास के लोगों को लगी, गांधी मोहल्ला में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मृतका का लहूलुहान शव घर के आंगन में ही पड़ा रहा। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना बांगो थाना पुलिस को दी गई।
फॉरेंसिक टीम की ली जा रही मदद, आरोपी पति हिरासत में
सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता और साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने बिलासपुर से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया है।
हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी पति कहीं भागा नहीं, बल्कि वह घटनास्थल (घर के आंगन) पर ही मौजूद रहा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
शव पोस्टमार्टम के लिए रवाना, जांच जारी
पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बांगो पुलिस का कहना है कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम और पुलिस की संयुक्त जांच के बाद ही मामले का पूरा आधिकारिक ब्यौरा सामने आएगा। बहरहाल, शराब की लत के कारण एक महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा और एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया