7 दिनों से पानी नहीं मिलने पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, नगर पालिका परिषद कटघोरा में सौंपा ज्ञापन


कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) आमिर खान : नगर पालिका परिषद कटघोरा के वार्ड क्रमांक 11 के रहवासियों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। पिछले 7 दिनों से पेयजल आपूर्ति बंद रहने से परेशान वार्डवासी आज बड़ी संख्या में नगर पालिका परिषद पहुंचे और नगर पालिका अधिकारियों एवं अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्या समाधान की मांग की।


वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि लगातार एक सप्ताह से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी से लेकर दैनिक उपयोग तक के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। खास बात यह है कि कटघोरा की पुरानी बस्ती एवं मुख्य वार्ड होने के बावजूद क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है, जिससे लोगों में नगर पालिका के प्रति काफी नाराजगी देखने को मिली।


नगर पालिका कार्यालय पहुंचे लोगों ने अधिकारियों के सामने जमकर नाराजगी जाहिर की। वार्डवासियों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें मजबूर होकर ज्ञापन सौंपना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने तत्काल अधिकारियों को पाइपलाइन व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आज शाम तक पाइपलाइन की खराबी दुरुस्त कर सभी घरों में पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।


राज जायसवाल अध्यक्ष ने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण पानी की आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जा रहा है।

आमिर खान की रिपोर्ट