
गेवरा/कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शुमार गेवरा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ काम के दौरान महज ‘साइड नहीं देने’ जैसी छोटी सी बात को लेकर उपजा विवाद इतना हिंसक हो गया कि डंपर ऑपरेटरों ने अपने ही साथी एक बुजुर्ग कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के बाद से खदान परिसर में तनाव का माहौल है।
लात-घूंसों से बुजुर्ग को अधमरा किया
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत साइड देने की बात से हुई। देखते ही देखते डंपर ऑपरेटर प्रियेस सिंह, शिव बंजारे और उनके साथियों ने आपा खो दिया। इन आरोपियों ने 53 वर्षीय बुजुर्ग कर्मचारी बहोरन सिंह (निवासी ढुरेना) को अकेला पाकर चारों तरफ से घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए बुजुर्ग को जमीन पर पटक दिया और उन पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। हमले के दौरान आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर बुजुर्ग की जान बचाई।
NCH अस्पताल में भर्ती, सीने में गंभीर चोटें
इस घातक हमले में बहोरन सिंह को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि उनके सीने में गहरी चोट लगने के कारण उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल NCH अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
मैनेजमेंट की चुप्पी से कर्मचारियों में आक्रोश
घटना के बाद क्वेरी (Quarry) सेक्शन में काम ठप हो गया है। कर्मचारियों ने आरोपी बीर सिंह (शिफ्ट इंचार्ज), प्रियेस दुबे (डंपर ऑपरेटर) और शिव कुमार (डंपर ऑपरेटर) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
- ट्रांसफर की मांग: कर्मचारी संगठन और साथी कर्मचारी इन आरोपियों को तत्काल प्रभाव से कंपनी से ट्रांसफर करने की मांग कर रहे हैं।
- प्रबंधन का ढुलमुल रवैया: आरोप है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद मैनेजमेंट द्वारा अब तक आरोपियों पर कोई ठोस दंडात्मक कार्यवाही नहीं की गई है, जिससे मजदूरों में भारी नाराजगी है।
सवाल: क्या गेवरा खदान में कर्मचारी सुरक्षित हैं? क्या मामूली विवाद पर बुजुर्गों से मारपीट करने वाले रसूखदार ऑपरेटरों पर पुलिस और प्रबंधन शिकंजा कसेगा?