
कटघोरा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़): पिछले कुछ दिनों से कटघोरा थाना क्षेत्र में ‘बच्चा चोरी’ की उड़ रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में ऐसी कोई भी घटना नहीं हुई है। सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं में फैल रही ये खबरें पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, कटघोरा के कसनिया क्षेत्र में एक छोटी बच्ची घर के बाहर खेलते-खेलते सड़क पर खड़े एक ऑटो में जाकर बैठ गई। ऑटो चालक को इस बात का पता नहीं चला और वह वहां से निकल गया। कुछ दूर जाने के बाद जब चालक की नजर बच्ची पर पड़ी, तो उसने सूझबूझ का परिचय दिया। ऑटो चालक ने बिना समय गंवाए बच्ची को सुरक्षित वापस लाकर उसके परिजनों को सौंप दिया।
अफवाह का रूप कैसे लिया?
बच्ची के गायब होने और फिर अचानक वापस आने की खबर को कुछ लोगों ने गलत तरीके से पेश किया। देखते ही देखते पूरे कटघोरा थाना क्षेत्र में यह बात फैल गई कि ‘बच्चा चोर गिरोह’ सक्रिय है और ऑटो के जरिए बच्चों को उठाया जा रहा है। इस गलतफहमी ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
कटघोरा पुलिस की अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा धर्म नारायण तिवारी थाना प्रभारी और पुलिस प्रशासन ने इस पूरी घटना को विशुद्ध रूप से अफवाह बताया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि:
- क्षेत्र में कोई भी बच्चा चोर गिरोह सक्रिय नहीं है।
- कसनिया की घटना केवल एक मानवीय भूल थी, जिसे ऑटो चालक ने ईमानदारी से सुलझा लिया।
- बिना पुष्टि किए किसी भी भ्रामक मैसेज या वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर न करें।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर शांति भंग करने के उद्देश्य से ऐसी अफवाहें फैलाता है या किसी निर्दोष पर शक के आधार पर कानून हाथ में लेता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपील: नागरिक सतर्क रहें, लेकिन डरे नहीं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 या कटघोरा थाने को दें।