
कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : गोपाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, कटघोरा का द्वितीय स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संस्कार भारती के जिला उपाध्यक्ष पारस योगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पत्रकार संघ कटघोरा के अध्यक्ष अजय धनोंदिया और आरएसएस के नगर कार्यवाहक अनुराग तिवारी विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. गोपाल गोस्वामी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं केक काटकर किया गया। इसके पश्चात हॉस्पिटल डायरेक्टर डॉ. गोपाल गोस्वामी ने मुख्य अतिथि पारस योगी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में डॉ. गोस्वामी ने कहा कि हॉस्पिटल के दो वर्ष पूर्ण होना नगरवासियों के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रारंभ से ही उनका उद्देश्य कटघोरा एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुलभ और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उनके अपने नगर में उपलब्ध कराना रहा है।
मुख्य अतिथि पारस योगी ने अपने उद्बोधन में कहा कि गोपाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल न केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी फैला रहा है। वहीं विशिष्ट अतिथि अजय धनोंदिया ने कहा कि हॉस्पिटल के शुभारंभ से पहले नगरवासियों को इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब अनुभवी डॉक्टरों की उपलब्धता के कारण स्थानीय लोगों को यहीं पर समुचित उपचार मिल रहा है।
समारोह में डॉ. एस.एस. सबरवाल, डॉ. हेमंत तिवारी, डॉ. लीलाधर सिंह, डॉ. विनीता, डॉ. गरिमा, डॉ. अनिल, मैनेजर सत्येंद्र शर्मा, समीर कुजूर, सुष्मा, राजेंद्र, प्रवीण भारिया सहित हॉस्पिटल के सभी डॉक्टर, कर्मचारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कम समय में हॉस्पिटल ने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और छत्तीसगढ़ का प्रथम 20 बिस्तरीय हॉस्पिटल होने के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा एवं आयुर्वेदिक उपचार को संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ प्रदान कर रहा है।