Katghora News: कांग्रेस के दिग्गज नेता हसन अमन अली ने कहा पार्टी को अलविदा.. ग्रहण की BJP की सदस्यता.. बताई दलबदल की वजह..

कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): कोरबा जिले की राजनीति में बड़ा राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। दरअसल कांग्रेस के वरिष्ठ अल्पसंख्यक नेता हसन अमन अली, जो पिछले कई दशकों से कांग्रेस नेता के तौर पर कटघोरा क्षेत्र में काम कर रहे थे, उन्होंने अचानक पार्टी छोड़कर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके इस कदम से कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ता सकते में हैं।

दशकों की निष्ठा का अंत

हसन अमन अली लंबे समय तक कांग्रेस के आईटी सेल से जुड़े रहे और अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। वे नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के भी बेहद करीबी माने जाते थे। ऐसे में उनका कांग्रेस छोड़ना पार्टी के स्थानीय इकाई के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

दुर्व्यवहार से आहत होकर छोड़ी पार्टी

मीडिया से चर्चा के दौरान हसन अली ने खुलासा किया कि, ‘जिले के एक वरिष्ठ नेता ने पिछले दिनों मेरे साथ दुर्व्यवहार और बदसलूकी की। उसी से आहत होकर मैंने कांग्रेस का दामन छोड़ने का निर्णय लिया।’ उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्होंने किसी दबाव में नहीं बल्कि स्वाभिमान आहत होने पर लिया है।

मोदी आज विश्व राजनीति के केंद्र”

भाजपा जॉइन करते हुए हसन अली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मोदी जी की लोकप्रियता आज देश ही नहीं, बल्कि विश्व राजनीति के केंद्र में है। विपक्ष में रहते हुए भी मैं उनके नेतृत्व और कार्यशैली से प्रभावित रहा हूं। आम जनता से सीधे जुड़ने की उनकी ताकत ही भाजपा को इतना व्यापक बना चुकी है कि अब उसे रोक पाना मुश्किल है।”

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा में आकर वे किसी पद के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए काम करेंगे।

भाजपा आईटी सेल में मिल सकती है ज़िम्मेदारी

पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के आईटी सेल में वर्षों तक सक्रिय रहे हसन अली को भाजपा आईटी सेल में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। वे कहते हैं, “मैं जिस भी जिम्मेदारी पर रहूँ, हर काम को ईमानदारी से निभाने की कोशिश करूंगा।”

पाली-तानाखार में भाजपा की वापसी उनका लक्ष्य

हसन अमन अली ने साफ कहा कि उनका पहला लक्ष्य पाली-तानाखार विधानसभा में भाजपा को मजबूत करना और 2028 में यहां विजय दिलाना है। वर्तमान में यह सीट भाजपा के लिए तीसरे नंबर पर मानी जाती है, लेकिन हसन अली ने भरोसा जताया कि, संगठनात्मक मजबूती और जनता के बीच सक्रियता से भाजपा की वापसी निश्चित है।

कृषि कार्य से निवृत्ति के बाद भाजपा नेताओं से मुलाकात

उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही कृषि कार्य से समय निकालकर वे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से भेंट करेंगे और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

गौरतलब है कि, हसन अमन अली का कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होना कटघोरा और कोरबा की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। आने वाले समय में इसका असर पाली-तानाखार विधानसभा में भाजपा की रणनीति और समीकरणों पर स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।